विषय-सूची
महासमुंद। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। जनदर्शन के दौरान राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन समेत जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर कुल 85 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें प्रशासनिक राहत उपलब्ध कराना है। इसलिए प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई की जाए।
जनदर्शन में ग्राम पंचायत मामा-भांचा के आश्रित ग्राम डोंगरीपाली के ग्रामीणों ने गांव में बोर खनन की मांग रखी। वहीं ग्राम बम्हनी की जागेश्वरी पाल ने भू-अभिलेख में नाम संशोधन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, अतिक्रमण, पीएम किसान सम्मान निधि, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, राशन कार्ड सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों में भी आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
