प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से जारी हुई नियुक्तियां,संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने पर रहेगा फोकस
रायपुर :- भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए संभाग एवं जिला स्तर पर नई नियुक्तियों की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से जारी आदेश के अनुसार बीजापुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा को बस्तर संभाग का सहप्रभारी तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती माया झाड़ी को सुकमा जिले का सहप्रभारी नियुक्त किया गया है।
पार्टी संगठन का मानना है कि इन नियुक्तियों से बस्तर अंचल में महिला मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और अधिक मजबूत होगा। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों,सदस्यता अभियान,प्रशिक्षण शिविरों, जनसंपर्क अभियानों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में दोनों पदाधिकारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
श्रीमती जानकी कोरसा लंबे समय से संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रही हैं। बीजापुर जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास एवं जनहित से जुड़े अनेक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है। संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्रीय कार्यशैली को देखते हुए उन्हें बस्तर संभाग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।भाजपा महिला मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन समय-समय पर कार्यकर्ताओं की क्षमता,अनुभव और सक्रियता के आधार पर नई जिम्मेदारियां सौंपता है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना,बूथ स्तर तक महिला मोर्चा को सक्रिय बनाना तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करना है।
नई नियुक्तियों के बाद भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्रीमती जानकी कोरसा और श्रीमती माया झाड़ी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों पदाधिकारी अपने अनुभव,नेतृत्व क्षमता और संगठन के प्रति समर्पण के बल पर नई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगी तथा बस्तर संभाग और सुकमा जिले में महिला मोर्चा को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेंगी।


