नक्सली साजिश नाकाम : नगरी के जंगल में 10 किलो टिफिन बम बरामद, पुलिस ने किया सुरक्षित निष्क्रिय
धमतरी / नगरी। धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में एक बड़ी नक्सली साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना नगरी क्षेत्र के ग्राम फरसियां से चंदनबाहरा मार्ग के बीच जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाया गया 10 किलो वज़न का आईईडी (टिफिन बम) बरामद किया गया, जिसे डीआरजी एवं बीडीएस टीम ने सतर्कता और तकनीकी दक्षता के साथ सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र पांडेय के हमराह में डीआरजी नगरी और बीडीएस की संयुक्त टीम को 11 अक्टूबर 2025 को नक्सल विरोधी अभियान, सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन के लिए रवाना किया गया था। इसी दौरान चंदनबाहरा आवागमन मार्ग में पुलिस दल को संदिग्ध अवस्था में एक 10 किलो कमांड-टिफिन आईईडी दिखाई दिया।
तत्काल क्षेत्र को घेराबंदी कर डीआरजी की सुरक्षा में बीडीएस (बॉम्ब डिस्पोज़ल स्क्वॉड) टीम द्वारा बम को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। टीम ने अत्यंत सावधानीपूर्वक कार्यवाही करते हुए विस्फोटक को सफलतापूर्वक नष्ट किया। यदि यह बम सक्रिय अवस्था में फटता, तो क्षेत्र में बड़ा नुकसान और जनहानि हो सकती थी।
इस साहसिक एवं त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी नक्सली साजिश विफल हो गई है। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी दक्षता ने न केवल संभावित बड़ी घटना को टाल दिया, बल्कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने में भी सफलता हासिल की है।
एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस नियमित रूप से सर्चिंग अभियान चला रही है। इस तरह की कार्रवाइयाँ नक्सलियों की गतिविधियों को रोकने में प्रभावी सिद्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलियों के किसी भी षड्यंत्र को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
जनसंदेश धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास किसी भी संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर दें। नागरिकों की छोटी-सी सतर्कता किसी बड़ी घटना को टाल सकती है और समाज में अमन-चैन बनाए रखने में सहायक सिद्ध हो सकती है।इस पूरे अभियान में डीआरजी टीम, बीडीएस दल एवं नगरी पुलिस के जवानों ने साहस, तत्परता और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया है, जिसके लिए उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहना मिली है।
