छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के नवीन प्रदेश कार्यालय का भव्य उद्घाटन रायपुर में


नगरी- छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के नवीन प्रदेश कार्यालय का शुभ उद्घाटन आज अत्यंत गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह अवसर संगठन के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण रहा, जिसमें प्रदेशभर से आए पदाधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदरणीय श्री व्ही. श्रीनिवास राव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (HOFF) रहे, जिनके करकमलों से कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन की एकजुटता एवं कर्मचारियों के हितों के प्रति समर्पण की सराहना की तथा भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

इस अवसर पर  शालिनी रैना (अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक), एस. मणिवासगन (मुख्य वन संरक्षक, रायपुर), सलमा फारूकी (वन संरक्षक) सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
कार्यक्रम में संघ के प्रांत अध्यक्ष श्री अजीत दुबे ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों एवं कर्मचारियों के हित में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नवीन प्रदेश कार्यालय संगठन को नई दिशा एवं मजबूती प्रदान करेगा।उल्लेखनीय है कि यह कार्यालय न केवल संघ की सुदृढ़ता का प्रतीक है, बल्कि वन कर्मचारियों की एकता, समर्पण एवं निरंतर संघर्ष का परिणाम भी है। यह आने वाले समय में कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा एवं उनके हितों के संवर्धन हेतु एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य करेगा।
कार्यक्रम में प्रांतीय, संभागीय एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ ने इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

إرسال تعليق

0 تعليقات