नगरी - जिले के खम्हरिया गांव के ग्रामीण वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। सड़क और पुलिया की गंभीर समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सरपंच-पंचों के साथ धमतरी कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर से मुलाकात की और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव से श्मशान घाट जाने वाले मार्ग पर स्थित पुलिया पिछले 4 से 5 वर्षों से टूटी हुई है, जिससे अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील कार्यों में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार जोखिम उठाकर वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ता है।
वहीं गांव की मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। यही एकमात्र मार्ग है जिससे ग्रामीणों का ब्लॉक और जिला मुख्यालय से संपर्क बना हुआ है। रोजमर्रा के कार्यों, इलाज और अन्य जरूरतों के लिए इसी रास्ते से आवागमन करना पड़ता है, लेकिन जगह-जगह गड्ढों और खराब हालत के कारण यह मार्ग दुर्घटना का कारण बनता जा रहा है। विशेषकर स्कूली बच्चों के लिए यह रास्ता बेहद खतरनाक साबित हो रहा है।
सरपंच संत कुमार मरकाम ने ग्रामीणों की ओर से कलेक्टर को अवगत कराते हुए कहा कि यह समस्या लंबे समय से लंबित है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिया निर्माण और सड़क मरम्मत कार्य को प्राथमिकता में लेकर शीघ्र पूरा कराने की मांग की।
इस दौरान उपसरपंच हुलासनी ध्रुव, पंच धनपूर्णिमा रात्रे, गीता देवी कश्यप, भानबाई साहू, पुष्पा यादव, सुंदरी मरकाम, रोहणी निर्मलकर, मालती ध्रुव, रहेत ग्वाले, शुशीला कश्यप, पवन नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
0 تعليقات