नगरी– भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर नगरी नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साह, जोश और संगठनात्मक एकजुटता के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल स्तर पर आयोजित इस समारोह में विधिवत ध्वजारोहण कर पार्टी की विचारधारा, उपलब्धियों और गौरवशाली इतिहास को याद किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। ध्वजारोहण के पश्चात कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी तथा पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठन की सुदृढ़ संरचना के बल पर आज भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और आम जनता का विश्वास भाजपा पर लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, समाज सेवा की भावना को सशक्त करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लेने का महत्वपूर्ण दिन है।
वहीं, प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य युवा मोर्चा नरसिंह मरकाम ने अपने उद्बोधन में कहा कि भाजपा युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का सशक्त मंच प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं और उनकी ऊर्जा व उत्साह से पार्टी निरंतर सशक्त होती जा रही है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज सेवा और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाएं।
इस दौरान सभापति प्रेमलता नागवंशी, जनपद सदस्य राजेश गोसाईं, पार्षद राजा पवार, चित्रांश नागवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ और सभी ने संगठन को मजबूत बनाने तथा राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
0 تعليقات