जनता से जुड़ाव का प्रभावी माध्यम बनी जन-चौपाल बैठकें विधायक अमर अग्रवाल ने सुनीं क्षेत्रीय समस्याएं


जन-चौपाल बैठकें विधायक अमर अग्रवाल ने सुनीं क्षेत्रीय समस्याएं त्वरित समाधान के दिए निर्देश

बिलासपुर :- जनता से सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान करने के उद्देश्य से बिलासपुर नगर विधायक अमर अग्रवाल के नेतृत्व में पश्चिम मंडल के विभिन्न वार्डों में जन-चौपाल बैठकों का भव्य आयोजन किया गया। इस अभियान ने जन-प्रतिनिधित्व को एक नई ऊंचाई देते हुए जनता और जनप्रतिनिधि के बीच की दूरी को कम किया है। चौपाल का शुभारंभ प्रातः 11 बजे विकास नगर से हुआ। इसके पश्चात् नेहरू नगर, विष्णु नगर,तिलक नगर,कस्तूरबा नगर,अयोध्या नगर,गुरुघासीदास नगर,तालापारा सहित अनेक वार्डों में जन-चौपाल का आयोजन क्रमवार होता रहा। प्रत्येक स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे,जिन्होंने उत्साहपूर्वक अपनी समस्याएं और सुझाव विधायक अमर अग्रवाल के समक्ष रखे।

जन समस्याओं पर त्वरित संज्ञान

जनचौपाल के दौरान नागरिकों ने प्रमुखता से जलभराव, खराब सड़कें,सफाई व्यवस्था,स्ट्रीट लाइट की खराबी,पेयजल संकट, आवारा पशुओं की समस्या,नाली निर्माण,सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति जैसी जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही बुलाकर निर्देशित किया कि इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

नागरिक सहभागिता और सकारात्मकता

इन बैठकों में स्थानीय नागरिकों,महिलाओं,वरिष्ठ जनों और युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। जन-चौपाल ने लोगों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराया,जहां वे बिना किसी औपचारिकता के सीधे अपने जनप्रतिनिधि से संवाद कर सके। इससे एक ओर जनता को विश्वास का भाव मिला,वहीं दूसरी ओर जनप्रतिनिधि को जमीनी स्तर पर व्याप्त समस्याओं की स्पष्ट जानकारी प्राप्त हुई।

देश और राज्य सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराना

चौपाल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में देशभर में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। उपस्थित जनसमूह ने मोदी सरकार की नीतियों, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं पर पूर्ण विश्वास जताया। साथ ही छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के 1.5 वर्ष के कार्यकाल में हुए कार्यों जैसे – स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार,सड़कों का निर्माण,शिक्षा व्यवस्था में सुधार,ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। नागरिकों ने इन उपलब्धियों की सराहना करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रमुख जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति

चौपाल बैठक में बिलासपुर महापौर श्रीमती पूजा विधानी,नगर निगम सभापति विनोद सोनी,नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुमार की विशेष उपस्थिति रही। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी,मंडल अध्यक्षगण,पार्षदगण,बूथ कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी इस आयोजन में शामिल हुए।

जनसंवाद की यह कड़ी आगे भी जारी रहेगी

नगर विधायक अमर अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यह जन-चौपाल अभियान केवल एक दिन का आयोजन नहीं,बल्कि निरंतर चलने वाली संवाद यात्रा है,जो आगे भी अन्य वार्डों में आयोजित की जाएगी। यह अभियान केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम नहीं,बल्कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच विश्वास,सहयोग और सहभागिता की मजबूत नींव रखने वाला प्रयास है। जन-चौपाल बैठकों ने एक बार फिर सिद्ध किया है कि जब जनप्रतिनिधि जमीनी स्तर पर जनता के बीच जाकर संवाद करते हैं,तो न केवल समस्याओं का समाधान संभव होता है,बल्कि लोकतंत्र की आत्मा – जनसुनवाई और जनभागीदारी – को भी जीवंत किया जा सकता है।



Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url