सिहाव स्कूल भव्य “संगी मिलन” महा समारोह सम्पन्न, 52 बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं का हुआ
नगरी — शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पूर्व छात्र-छात्राओं का भव्य महा मिलन समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस विशेष आयोजन को “संगी मिलन” नाम दिया गया, जिसमें वर्ष 1974 से लेकर 2025 तक के कुल 52 बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी पुरानी यादों को ताजा किया। वर्षों बाद एक ही मंच पर एकत्र हुए साथियों के मिलन से विद्यालय परिसर भावनाओं और उल्लास से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैल चित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात वरिष्ठ शिक्षकों का मंच पर स्वागत एवं सम्मान कर उनके योगदान को नमन किया गया। विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
समारोह के दौरान सभी बैच को क्रमशः मंच प्रदान किया गया, जहां पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय और गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजक समिति द्वारा सभी पूर्व विद्यार्थियों को स्मृति-चिन्ह (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया गया। पुराने साथियों ने नृत्य-गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बीते दिनों की यादों को जीवंत किया, जिससे पूरा वातावरण आनंद और उत्साह से भर गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपनी स्वेच्छा से विद्यालय के विकास हेतु सहयोग राशि भी प्रदान की। कई वर्षों बाद जब पुराने मित्र एक ही बेंच पर बैठने और विद्यालय के आंगन में बिताए गए दिनों को याद करते हुए मिले, तो सभी भावुक हो उठे। गुरुजनों की डांट-फटकार और शाला जीवन की यादों ने सबके हृदय को गदगद कर दिया।
समाजसेवी रामाराव बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह सम्मेलन केवल एक मिलन नहीं, बल्कि विद्यालय में बिताए सुनहरे दिनों को पुनः जीने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर आज सभी पूर्व छात्र-छात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं और विद्यालय के समग्र विकास के लिए सभी को मिलकर सहयोग करना चाहिए।
इस सफल आयोजन में समिति अध्यक्ष शैलेंद्र धेनुसेवक, उपाध्यक्ष रामाराव बघेल, टेश्वर सिंह ध्रुव, राकेश चौबे, विजय साहू, सतीश सोनी, कमलेश यदु, पिंकी यदु, आसीफ खान, तपन धेनुसेवक, हिरा मरकाम, मनोज ठाकुर, देवेन्द्र साहू, अकबर कश्यप, हनीफ खान, प्रवीण गुप्ता, जशवंत नाग, थरूण निषाद, भावेश पारख, उज्जवल डोटे, यवनेश देवांगन, दिलेश शांडिल्य, मानसिंह साहू, धर्मेन्द्र देवांगन, राजेश पटेल, पुरन ध्रुव, इन्द्रजीत देवांगन, खिलेश्वर साहू, बसंत भक्त, बलराम देवांगन, आशीष खंडेलवाल, नूतन डोंटे सहित अनेक सदस्यों का विशेष योगदान रहा। समारोह के सफल आयोजन पर सभी उपस्थितजनों ने आयोजन समिति की सराहना की।
