सेमरताल स्कूल में ‘व्यक्तित्व विकास एवं नशा मुक्ति’ कार्यक्रम आयोजित किया गया
डिवाइन इंडिया यूथ एसोसिएशन बिलासपुर मंडल द्वारा बच्चों को दी गई जीवन निर्माण की प्रेरणा
बिलासपुर :- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,सेमरताल में शुक्रवार को डिवाइन इंडिया यूथ एसोसिएशन(दिया)बिलासपुर मंडल द्वारा एक विशेष सामाजिक एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यक्तित्व विकास और नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।कार्यक्रम में प्रांत दिया छत्तीसगढ़ कार्यकारिणी सदस्य सौरभ पाटनवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “एक अच्छा व्यक्तित्व ही सफलता की असली कुंजी है। समय प्रबंधन, आचरण,संयम और नैतिकता जैसे गुणों के साथ विद्यार्थी यदि अपने जीवन को ढालते हैं, तो वे हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।”उन्होंने विद्यार्थियों को उदाहरणों और सहज भाषा में समझाया कि कैसे आज के समय में सकारात्मक सोच,उत्तम चरित्र और अनुशासित जीवन की आवश्यकता है। दिया बिलासपुर जिला सह-संयोजक आदित्य पाटनवार ने नशा मुक्ति विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि “नशा न केवल शरीर को बल्कि मानसिक,सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी बर्बाद कर देता है। यह युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है।”उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं तो नशा से दूर रहें ही,साथ ही अपने आस-पास के अन्य युवाओं को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि एक नशा मुक्त समाज ही आत्मनिर्भर भारत की नींव बन सकता है।
संकल्प और सहभागिता
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी,शिक्षकगण एवं अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नशा से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। यह क्षण विद्यालय प्रांगण में अत्यंत प्रेरक और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण था।
उपस्थित गणमान्य अतिथि
इस अवसर पर श्रीमती सुप्रिया पाटनवार,सौरभ पाटनवार,आदित्य पाटनवार,विद्यालय के प्राचार्य अनिल वर्मा,सभी शिक्षकगण एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्यालय का योगदान
कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के प्राचार्य अनिल वर्मा सहित समस्त शिक्षकों का योगदान सराहनीय रहा। विद्यालय परिवार ने इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
समाज जागरण की दिशा में दिया की पहल
गौरतलब है कि डिवाइन इंडिया यूथ एसोसिएशन (दिया),अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा इकाई है, जो लगातार छत्तीसगढ़ सहित देशभर में नैतिक शिक्षा,नशा मुक्ति, स्वच्छता,व्यक्तित्व निर्माण जैसे विषयों पर जागरूकता अभियान चला रही है।

