भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का संभागीय सम्मेलन सम्पन्न
डबल इंजन सरकार की नीतियों और ओबीसी हितों पर हुआ विस्तार से मंथन
बिलासपुर :- भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के तत्वावधान में बिलासपुर में भव्य संभागीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस गरिमामय अवसर पर प्रदेश भर से ओबीसी समाज के प्रतिनिधियों,कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। सम्मेलन में सरकार की योजनाओं,सामाजिक न्याय,ओबीसी वर्ग की भागीदारी और संगठन की भूमिका को लेकर गहन चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती किरण सिंह,कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक,वरिष्ठ विधायक अमर अग्रवाल,भाजपा नेता सुशांत शुक्ला,प्रणव कुमार मरपच्ची,भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी,वरिष्ठ नेता नारायण चंदेल,राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद,जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी,बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी,ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश चंद्राकर,जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल एवं दीपक ठाकुर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी,महिला मोर्चा,युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ओबीसी समाज के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वक्ताओं ने ओबीसी समाज की सामाजिक,राजनीतिक और आर्थिक भागीदारी पर विशेष जोर दिया और बताया कि कैसे डबल इंजन की सरकार – केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में भाजपा नेतृत्व – देश को विकास की नई ऊँचाइयों की ओर ले जा रही है। वक्ताओं ने कहा कि आज देश में ओबीसी समाज को न केवल सम्मान मिला है,बल्कि उन्हें शिक्षा,रोजगार,राजनीति और नीति-निर्माण में निर्णायक भागीदारी भी प्राप्त हुई है। यह भाजपा की सोच और संकल्प का ही परिणाम है कि हर समाज,हर वर्ग तक विकास की रोशनी पहुंच रही है। सम्मेलन में यह भी बताया गया कि कैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ओबीसी समाज के उत्थान के लिए राष्ट्रीय ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा प्रदान किया, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का विस्तार किया गया और नई शैक्षणिक नीतियों में ओबीसी छात्रों के लिए आरक्षण को और अधिक सशक्त बनाया गया है।
प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद छत्तीसगढ़ में भी ओबीसी वर्ग के उत्थान को प्राथमिकता दी जा रही है। सामाजिक न्याय के साथ-साथ हर गांव,हर पंचायत और हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की रीढ़ बनकर बूथ स्तर तक भाजपा की नीतियों को पहुंचाएं और आगामी चुनावों में पार्टी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने के लिए जुट जाएं। यह संभागीय सम्मेलन संगठनात्मक दृष्टि से मील का पत्थर साबित हुआ,जिसमें ओबीसी मोर्चा ने यह संकल्प लिया कि आने वाले समय में समाज को एकजुट कर भाजपा को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।




