बिलासपुर में पहली बार "इग्नाइट इंडिया 2025" का भव्य आयोजन


रॉकेट-ड्रोन तकनीक में युवाओं को मिलेगा नया उड़ान,इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिक होंगे मुख्य अतिथि

बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ के तकनीकी परिदृश्य में एक ऐतिहासिक पहल के तहत बिलासपुर शहर पहली बार राष्ट्रीय स्तर की रॉकेट और ड्रोन प्रतियोगिता "इग्नाइट इंडिया 2025" की मेजबानी करने जा रहा है। यह कार्यक्रम आगामी 4 एवं 5 अक्टूबर 2025 को डी.पी.विप्र कॉलेज,बिलासपुर में आयोजित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को एयरोस्पेस,स्पेस रिसर्च और रक्षा तकनीक के क्षेत्र में देश का अगला स्टार्टअप हब बनाना है। इस अभूतपूर्व आयोजन का संयोजन इन्स्पायरोविशन टेक्नोलॉजीज एलएलपी और डी.पी.विप्र कॉलेज द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। 

आयोजन बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कार्यक्रम संयोजक व इन्स्पायरोविशन के सीईओ रंजीत सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान,एयरोस्पेस इंजीनियरिंग और रक्षा अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं,बल्कि एक वैज्ञानिक आंदोलन है,जिससे प्रदेश के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकी जानकारी,मार्गदर्शन और नेटवर्किंग के अवसर मिलेंगे। इस मौके पर डी.पी.विप्र कॉलेज के अध्यक्ष अनुराग शुक्ला, प्रशासनिक समिति सदस्य राजकुमार अग्रवाल,उप-प्राचार्य डॉ. मधुसूदन तांबोली,और प्रो.निधिष चौबे भी उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा,क्योंकि यह पहली बार है जब इस स्तर की तकनीकी प्रतियोगिता का आयोजन बिलासपुर में हो रहा है।

दो दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा

पहला दिन (4 अक्टूबर) : कार्यक्रम की शुरुआत डी.पी.विप्र कॉलेज के ऑडिटोरियम में होगी,जहां प्रतिभागी टीमों के लिए ओरिएंटेशन सेशन,रॉकेट-ड्रोन तकनीक पर प्रेजेंटेशन और विशेषज्ञों द्वारा गेस्ट लेक्चर आयोजित किए जाएंगे।

दूसरा दिन (5 अक्टूबर) : मुख्य आकर्षण के रूप में रॉकेट लॉन्चिंग इवेंट,ड्रोन फ्लाइंग शो,स्पेस टेक्नोलॉजी एग्जीबिशन,और इंटरएक्टिव सेशन का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में देश के नामी इंजीनियरिंग कॉलेजों की 100 से अधिक टीमों के हिस्सा लेने की संभावना है।

विशेष आमंत्रित अतिथि : कार्यक्रम की शान होंगे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन(इसरो)के वरिष्ठ वैज्ञानिक विकास श्रीवास और पी.आनंदी,जो भारत के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष अभियानों चंद्रयान और मंगलयान में अहम भूमिका निभा चुके हैं। इनकी उपस्थिति प्रतिभागियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी होगी और वे छात्रों से संवाद कर उन्हें तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन भी देंगे।

तकनीकी और शैक्षणिक सहयोग : इस राष्ट्रीय आयोजन में रॉकेटीयर्स रिसर्च इंस्टीट्यूट(लुधियाना)तकनीकी सहयोगी के रूप में,अगस्त्य रिसर्च कलेक्टिव(बेंगलुरु)अनुसंधान भागीदार के रूप में तथा आईएनआई पब्लिकेशन(तमिलनाडु)प्रकाशन भागीदार के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं,बल्कि छत्तीसगढ़ को स्पेस और डिफेंस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। इससे राज्य के युवाओं को न केवल राष्ट्रीय मंच पर अपने विचार और तकनीकी नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा,बल्कि उन्हें विज्ञान,नवाचार और रिसर्च के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरणा मिलेगी।"इग्नाइट इंडिया 2025" न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों की ओर ले जाने वाला एक मंच सिद्ध होगा। यह आयोजन आने वाले वर्षों में प्रदेश को तकनीकी क्रांति की ओर अग्रसर करने वाला एक मजबूत स्तंभ साबित हो सकता है।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url