जिला पंचायत सामान्य सभा में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी जिला अध्यक्ष ने रखीं विकास और जनहित से जुड़ी कई अहम मांगें


कोरबा/कोरबी/चोटिया :- कोरबा जिला पंचायत की सामान्य सभा का आयोजन 29 सितंबर को किया गया। इस बैठक में क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। कोरबी क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम ने सभा में अपनी बात रखते हुए क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्र ग्राम पंचायत तनेरा और सरमा के लोग लंबे समय से बिजली व्यवस्था की समस्या झेल रहे हैं। वहाँ की बिजली केबल की तत्काल मरम्मत कराई जानी चाहिए,ताकि आमजन को राहत मिल सके। साथ ही वन विभाग के सहयोग से पहुंच विहीन क्षेत्रों में सड़क निर्माण कराए जाने तथा अंधेरे इलाकों में सोलर हाई मास्ट लाइट लगाने की मांग रखी।

शिक्षा के क्षेत्र में उठाई आवाज

शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर देते हुए मरकाम ने कहा कि हायर सेकेंडरी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, कोरबी में लंबे समय से शिक्षक भर्ती लंबित है,जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने शीघ्र ही शिक्षकों की भर्ती सुनिश्चित करने की मांग की। इसके साथ ही हाई स्कूल जलके में चपरासी की नियुक्ति तथा संकुल केंद्र सिमगा के अधिकांश स्कूलों में छात्र-छात्राओं हेतु शौचालय की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग

सभा में उपस्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित मौरगा के प्रबंधक महेंद्र शर्मा ने क्षेत्र में खाद की आपूर्ति में हो रही अव्यवस्था और अफरातफरी की शिकायत की। इस पर मरकाम ने स्पष्ट कहा कि किसानों को खाद वितरण में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो,इसके लिए जिला प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

सड़क और परिवहन संबंधी समस्याओं पर जोर

मरकाम ने कहा कि गुरसियां से होकर गुजरने वाली तान नदी के पास 130 एनएच सड़क मार्ग की हालत बेहद खराब है। इसके साथ ही कटघोरा से कोरबा मुख्य मार्ग पर भी आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं। इन सड़कों का तत्काल सुधार कराना आवश्यक है,ताकि ग्रामीणों और आम यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

स्वास्थ्य सुविधा पर गंभीर चिंता

ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पोड़़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आज भी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर का अभाव है। इस कारण महिलाओं को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि इस स्वास्थ्य केंद्र में जल्द से जल्द स्त्री रोग विशेषज्ञ की पदस्थापना की जाए।

अधिकारियों ने दिया आश्वासन

इन सभी मुद्दों पर चर्चा के दौरान सभा में उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि जनता की इन जायज मांगों पर शीघ्र और ठोस कार्रवाई की जाएगी।सभा में क्षेत्र के कई पंचायत प्रतिनिधि,अधिकारी और ग्रामीणजन मौजूद रहे। विद्वान सिंह मरकाम द्वारा उठाए गए मुद्दों को जनता ने अपनी आवाज माना और उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इन मांगों को जल्द पूरा करेगा।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url