विधायक ने किया नि:शुल्क सरस्वती साइकिल वितरण,छात्राओं के शिक्षा उत्थान को बताया सरकार की प्राथमिकता
बिलासपुर :- तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरगहना में नि:शुल्क सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में तखतपुर विधायक माननीय धर्मजीत सिंह उपस्थित हुए। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में प्रगति का सबसे बड़ा साधन है और साइकिल योजना से बेटियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी,जिससे वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष कौशिक ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष सूर्यवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भारती माली,जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राकेश तिवारी एवं मंडल अध्यक्ष विनोद यादव उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने उद्बोधन में राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि,स्कूल स्टाफ एवं आसपास के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में सहूलियत होगी और समय की बचत भी होगी।
विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों को भी शहरों की तरह समान शिक्षा सुविधा मिले,इसके लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने छात्राओं से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षकों द्वारा किया गया तथा अंत में आभार प्रदर्शन विद्यालय परिवार की ओर से किया गया। समारोह के सफल आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।


