छग राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के नवनियुक्त के पदभार ग्रहण कार्यक्रम सम्पन्न

छग राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के नवनियुक्त के पदभार ग्रहण कार्यक्रम सम्पन्न

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज (व्यापार एवं विकास) सहकारी संघ मर्यादित के नवनियुक्त अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में भाग लिया। यह कार्यक्रम राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित किया गया था, जहां नवनियुक्त अध्यक्ष रूप साय सलाम और उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने अपने पद का कार्यभार संभाला। मुख्यमंत्री ने उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अध्यक्ष के रूप में रूप साय सलाम को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है, जिसे वे अपनी योग्यता, अनुभव और संवेदनशीलता के साथ कुशलता से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि श्री सलाम स्वयं जनजातीय समुदाय से हैं, इसलिए वे इस समुदाय की समस्याओं और आवश्यकताओं को गहराई से समझते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार लगातार वनवासी समुदाय की आय बढ़ाने और उनके समग्र विकास के लिए प्रयासरत है। उन्होंने आगे कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने आदिवासी समाज के उत्थान को प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया और केंद्र में अलग जनजातीय मंत्रालय की स्थापना की। इससे आदिवासी समुदाय के विकास को नई दिशा मिली। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना’ और ‘पीएम जनमन योजना’ लागू करके जनजातीय बहुल क्षेत्रों के विकास में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश में तेंदूपत्ता संग्राहकों को देश में सबसे अधिक मूल्य दिया जा रहा है। वनोपजों पर विशेष ध्यान देने से वनवासी समुदाय की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम हो रहा है। वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व की बात है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं जनजातीय समुदाय से आते हैं और वनवासियों की कठिनाइयों, आकांक्षाओं को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में 32% जनसंख्या जनजातीय है और 44% क्षेत्र वनाच्छादित है, जिससे वनोपज उनकी आजीविका का प्रमुख साधन बना हुआ है। उन्होंने तेंदूपत्ता को ‘हरा सोना’ बताते हुए कहा कि तेंदूपत्ता का प्रति मानक बोरा मूल्य 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बन गया है। वनमंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चरण पादुका योजना को पुनः लॉन्च किया है और वनोपज संग्राहक परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, नान के चेयरमैन संजय श्रीवास्तव, योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्वास्थ्य परंपरा और औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज, वनबल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव सहित लघु वनोपज संघ के सदस्य और प्रदेशभर से बड़ी संख्या में वनोपज संग्राहक उपस्थित थे।
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url