तामासिवनी में देशभक्ति का महासंगम,77वें गणतंत्र दिवस पर शान से लहराया तिरंगा
रायपुर/तामासिवनी :- तामासिवनी ग्राम में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्ष,उल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया गया। गांव के कोने-कोने में राष्ट्रीय ध्वज लहराते नजर आए और पूरे क्षेत्र में देशप्रेम का अद्भुत माहौल देखने को मिला। विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रमों ने ग्रामीणों में उत्साह और गर्व की भावना का संचार किया।
ग्राम के मंडी चौक पर वरिष्ठ नागरिक पुनाउ यादव के करकमलों से ध्वजारोहण किया गया,जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्र होकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। वहीं बस स्टैंड तामासिवनी में आयोजित मुख्य समारोह में प्रिंटिंग प्रेस व्यापारी वेलफेयर एसोसिएशन नवापारा राजिम अंचल,आइसेक्ट कम्प्यूटर एजुकेशन इंस्टीट्यूट तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संयुक्त तत्वावधान में भव्य आयोजन किया गया,जिसमें क्षेत्रभर से गणमान्य नागरिकों,व्याव्यापारियों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
इस भव्य समारोह के मुख्य अतिथि अभय सिंह ठाकुर,सामाजिक समरसता संयोजक (आरएसएस),जिला रायपुर ग्रामीण रहे,जिन्होंने विधिवत ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता टूकेश सिन्हा,अध्यक्ष प्रिंटिंग प्रेस एसोसिएशन नवापारा राजिम ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में त्रिलोक साहू,सचिव प्रिंटिंग प्रेस एसोसिएशन नवापारा राजिम तथा पूर्व मेजर ऋषभ देव शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनकी मौजूदगी से कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई।कार्यक्रम की एक विशेष और आकर्षक झलक के रूप में अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट हेमचंद साहू द्वारा थर्माकोल से निर्मित भारत माता का भव्य एवं सजीव नक्शा सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। इस रचनात्मक प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और देशप्रेम की भावना को और अधिक प्रबल किया।
सुबह ठीक 8:00 बजे राष्ट्रगान के साथ विधिवत ध्वजारोहण संपन्न हुआ। इसके पश्चात देशभक्ति गीतों,प्रेरणादायी नारों और जयघोष के साथ पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम के दौरान देश की स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े बलिदानों और संविधान की महत्ता पर भी प्रकाश डाला गया।
मुख्य अतिथि अभय सिंह ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं,बल्कि यह हमें संविधान के मूल्यों,सामाजिक समरसता,भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संकल्प लेने का अवसर देता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पूर्व मेजर ऋषभ देव शर्मा ने अपने संबोधन में देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों के त्याग,तपस्या और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि आज जो आज़ादी और लोकतंत्र हमें प्राप्त है,वह सैनिकों और स्वतंत्रता सेनानियों के अमूल्य बलिदानों का परिणाम है। उन्होंने नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों,प्रिंटिंग प्रेस संघ के सदस्यों,विद्यार्थियों ,युवाओं एवं महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। बच्चों और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला,जिन्होंने तिरंगे के साथ देशभक्ति के नारे लगाकर पूरे वातावरण को देशप्रेम से सराबोर कर दिया। समारोह के समापन अवसर पर मिष्ठान वितरण कर सभी उपस्थितजनों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। आयोजकों की ओर से भानु प्रताप साहू ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों,संस्थाओं,स्वयंसेवकों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भानु प्रताप साहू,सुरेश तारक,राजू,योगेंद्र तारक,गणपद साहू,चेतन साहू,भुनेश्वर साहू,आशीष साहू,रविकांत तारक(सोनू दीवाना),खुशबू साहू,प्रीति साहू,सागर डांडेकर,अश्वनी साहू,प्रकाश साहू,झनक तारक,डॉ.सेवक साहू,दानू साहू,टाकेश्वर सिन्हा,कृष्णा साहू,तोषण साहू,मोहन निर्मकर,कुमेंद्र साहू,गेंद साहू, खेमराज निर्मकर,मोनू तारक,धनेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक,व्यापारीगण एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

