एमडीआरटी सम्मान से गौरवान्वित हुए एलआईसी एजेंट ने बिलासपुर मंडल का बढ़ाया मान


बिलासपुर :- भारतीय जीवन बीमा निगम(एलआईसी)बिलासपुर मंडल द्वारा कोरबा जिले के एलआईसी एजेंट रूकेश पटेल को उनकी असाधारण और सराहनीय उपलब्धि के लिए एमडीआरटी (Million Dollar Round Table) एजेंट के रूप में सम्मानित किया गया। यह सम्मान बीमा क्षेत्र में सर्वोच्च उपलब्धियों में से एक माना जाता है,जिसे पूरे भारत में केवल लगभग 1 प्रतिशत एजेंट ही प्राप्त कर पाते हैं।

रूकेश पटेल को यह प्रतिष्ठित सम्मान उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन, ग्राहकों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता,पारदर्शिता,ईमानदारी तथा उच्च स्तरीय सेवा गुणवत्ता के लिए प्रदान किया गया। एमडीआरटी सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बीमा और वित्तीय सेवा क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले एजेंटों को दिया जाता है,जो तय मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट व्यवसायिक परिणाम हासिल करते हैं।

यह उपलब्धि न केवल कोरबा जिले बल्कि पूरे बिलासपुर मंडल और भोपाल जोन के लिए गर्व का विषय है। सम्मान समारोह के दौरान रूकेश पटेल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने क्लाइंट्स के विश्वास,अपनी समर्पित टीम की कड़ी मेहनत और परिवार के निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की वास्तविक जरूरतों को समझकर उन्हें सही,सरल और पारदर्शी बीमा समाधान प्रदान करना ही उनकी कार्यशैली का मूल आधार रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि बीमा केवल एक योजना नहीं,बल्कि परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने का सशक्त माध्यम है। एलआईसी जैसी विश्वसनीय संस्था के साथ जुड़कर समाज के अधिक से अधिक लोगों तक बीमा सुरक्षा पहुंचाना उनका लक्ष्य है। आने वाले समय में भी वे अपनी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाते हुए ग्राहकों के विश्वास पर खरा उतरने का निरंतर प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर बिलासपुर मंडल एवं भोपाल जोन के वरिष्ठ अधिकारियों ने रूकेश पटेल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य एलआईसी एजेंटों के लिए प्रेरणास्रोत है अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी इसी लगन,परिश्रम और निष्ठा के साथ कार्य करते हुए एलआईसी की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों,सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने रूकेश पटेल को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url