शिवमहापुराण कथा, अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक श्री गिरिबापु महाराज का कर्णेश्वर धाम सिहावा कथा आज से
नगरी - सिहावा पावन कर्णेश्वर धाम में आगामी 05 जनवरी से 13 जनवरी 2026 तक 828वीं श्री शिवमहापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे सिहावा–नगरी अंचल में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण निर्मित हो गया है।
आयोजन समिति के अनुसार, शिवमहापुराण कथा का वाचन परम पूज्य अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक श्री गिरिबापु जी महाराज (गुजरात) द्वारा किया जाएगा। गिरिबापु जी अपनी ओजस्वी वाणी और सरल कथा शैली के माध्यम से भगवान शिव की महिमा, शिवतत्व, विभिन्न लीलाओं तथा जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाले संदेशों का वर्णन करेंगे। कथा श्रवण से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति एवं पुण्यलाभ प्राप्त होगा।
प्रतिदिन होंगे पूजा-अनुष्ठान कथा के दौरान प्रतिदिन विधिवत पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, हवन, महाआरती एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। कर्णेश्वर धाम परिसर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन समिति द्वारा बैठक, पेयजल, प्रकाश सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
दूर-दराज से पहुंचेंगे शिवभक्त
इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन का संचालन श्री शिवमहापुराण समिति एवं समस्त सिहावा–नगरी क्षेत्रवासियों के सहयोग से किया जा रहा है।
आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर शिवमहापुराण कथा श्रवण करने की अपील की है। साथ ही यजमान बनने, रुद्राभिषेक, पूजन-अनुष्ठान एवं भंडारा सेवा के इच्छुक श्रद्धालु समिति से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में श्री श्री 1008 बाबा बिहारीदास जी एवं माता सत्यवती देवी जी के समस्त भक्तगण (चपका बाबा) का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहेगा। नौ दिनों तक चलने वाली यह कथा क्षेत्र में धार्मिक समरसता, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को सशक्त करेगी।
आयोजन समिति द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
