युवाओं को नशे से बचाने पुलिस का विशेष अभियान,‘गोगो पेपर’ व हुक्का नेटवर्क ध्वस्त
करीब 2 लाख के रोलिंग पेपर जप्त,COTPA एक्ट के तहत 9 दुकानें सील,सप्लायरों पर कसेगा शिकंजा
रायपुर :- रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकालने और शहर को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए गांजा सेवन में प्रयुक्त होने वाले ‘गोगो/रोलिंग पेपर’ तथा हुक्का सामग्री के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर डॉ.संजीव शुक्ला के सख्त निर्देश एवं पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मंयक गुर्जर (IPS) के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों एवं खुफिया सूचनाओं के आधार पर यह स्पष्ट हुआ था कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पान ठेलों, गुमटियों और कुछ दुकानों के माध्यम से युवाओं को नशे से संबंधित सामग्री सहजता से उपलब्ध कराई जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए नॉर्थ जोन की टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से सघन जांच अभियान चलाया।
युवाओं को लक्ष्य बनाकर फैलाया जा रहा था नशे का जाल
जांच में यह तथ्य सामने आया कि कई दुकानदार जानबूझकर युवाओं को लक्ष्य बनाकर गांजा सेवन के लिए उपयोग किए जाने वाले विशेष ‘गोगो/रोलिंग पेपर’,चिलम,फिल्टर एवं अन्य सामग्री की बिक्री कर रहे थे। इन सामग्रियों का उपयोग गांजा की सिगरेट (जॉइंट) बनाने में किया जाता है,जिससे न केवल नशे की लत बढ़ती है, बल्कि युवाओं के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 2 लाख रुपये मूल्य के रोलिंग पेपर एवं संबंधित सामग्री जप्त कर अवैध नेटवर्क की एक बड़ी कड़ी को तोड़ा है।
COTPA एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई,9 संस्थान सील
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त(उरला)सुश्री पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नॉर्थ जोन की टीमों ने नगर निगम प्रशासन के सहयोग से COTPA एक्ट (Cigarette and Other Tobacco Products Act) के तहत व्यापक कार्रवाई की। इस दौरान शैक्षणिक संस्थानों के आसपास एवं सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन कर तंबाकू,हुक्का सामग्री एवं नशे से जुड़ी वस्तुएं बेचने वाले 09 दुकानों/संस्थानों को सील कर तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया।
थोक सप्लायर और बड़े नेटवर्क का खुलासा कार्रवाई के दौरान केवल खुदरा विक्रेताओं तक ही सीमित न रहकर पुलिस ने सप्लाई चेन(Backward Linkage)की भी गहराई से जांच की।पूछताछ और दस्तावेजी पड़ताल में यह सामने आया कि यह सामग्री शहर के बाहर एवं भीतर से संगठित तरीके से सप्लाई की जा रही थी।पुलिस ने उन मुख्य थोक विक्रेताओं और सप्लायरों की पहचान कर ली है,जो इस अवैध नेटवर्क के संचालन में अहम भूमिका निभा रहे थे। इन सभी के खिलाफ जल्द ही छापेमारी,जब्ती और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की चेतावनी : नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं का भविष्य खराब करने वाले नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति,दुकान या सप्लायर को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में शहर के अन्य जोनों में भी इसी प्रकार के विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आम नागरिकों से सहयोग की अपील पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों,अभिभावकों एवं शैक्षणिक संस्थानों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशे से संबंधित अवैध गतिविधि,बिक्री या सप्लाई की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें,ताकि समय रहते कार्रवाई कर युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सके।




