छत्तीसगढ़ को आदर्श राज्य बनाने पर सर्व समाज सम्मेलन, 30 जनवरी को रायपुर में

छत्तीसगढ़ को देश का अनुकरणीय आदर्श राज्य बनाने के उपाय

chhattisgarh-adarsh-rajya-sarv-samaj-sammelan-raipur


रायपुर में 30 जनवरी को सर्व समाज सम्मेलन, राज्यपाल रमेन डेका करेंगे उद्घाटन


रायपुर/ सुरज साव। मसन्द सेवाश्रम रायपुर के तत्वावधान में पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी के अंतर्गत एवं महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर 30 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को शाम 5 बजे सिंधु पैलेस, शंकरनगर, रायपुर में “छत्तीसगढ़ को देश का अनुकरणीय आदर्श राज्य बनाने के उपाय” विषय पर एक भव्य सर्व समाज सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

इस सम्मेलन में शासन के वरिष्ठ राजनेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं प्रदेश के प्रमुख दैनिक समाचारपत्रों के सम्पादकों के मार्गदर्शन में समाज के विभिन्न वर्गों — आदिवासी, सतनामी, अन्य पिछड़ा वर्ग, ब्राह्मण, सिंधी, पंजाबी, गुजराती, मराठी, उड़िया, अग्रवाल, दक्षिण भारतीय सहित सर्व समाज — के पदाधिकारी एवं प्रबुद्धजन सहभागिता करेंगे।

राज्यपाल करेंगे सम्मेलन का उद्घाटन

सम्मेलन का उद्घाटन राज्यपाल श्री रमेन डेका द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

विशेष अतिथियों के रूप में अटल बिहारी वाजपेयी मंत्रिमंडल के सदस्य रह चुके, असम एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस, पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक श्री राजेश पुजारी तथा रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे को आमंत्रित किया गया है।

प्रमुख सम्पादक करेंगे मार्गदर्श

सम्मेलन में प्रदेश के प्रमुख समाचारपत्रों के सम्पादक विशेष आमंत्रित वक्ता के रूप में मार्गदर्शन करेंगे। इनमें नवभारत के सम्पादक श्री राजेश जोशी, दैनिक भास्कर रायपुर के सम्पादक श्री हर्ष पाण्डेय, हरिभूमि के सम्पादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी, नईदुनिया के सम्पादक श्री सतीश चंद्र श्रीवास्तव एवं पत्रिका के सम्पादक श्री देवेन्द्र गोस्वामी शामिल हैं।

सम्मेलन की अध्यक्षता

कार्यक्रम की अध्यक्षता मसन्द सेवाश्रम के पीठाधीश साईं जलकुमार मसन्द साहिब करेंगे। वे वर्तमान में ज्योतिर्मठ के पूज्यपाद शंकराचार्य स्वामीश्री अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती महाराज के मार्गदर्शन में गठित अंतरराष्ट्रीय हिंदू संगठन “परम धर्म संसद 1008” के संगठन मंत्री भी हैं।

स्वागत समिति का गठन

सम्मेलन की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा की अध्यक्षता में एक स्वागत समिति का गठन किया गया है।

स्वागत समिति में कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री अमर पारवाणी, छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री सतीश थौराणी, चेटीचंड महोत्सव समिति के अध्यक्ष श्री मुखी मूलचंद पृथवाणी, पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत के अध्यक्ष श्री महेश दरयाणी एवं पूज्य छत्तीसगढ़ सेवा महापंचायत के अध्यक्ष श्री अमर गिदवाणी को सह-अध्यक्ष बनाया गया है।

भारतीय सिंधु सभा के छत्तीसगढ़ प्रमुख श्री सतीश छुगाणी को सचिव तथा छत्तीसगढ़ स्वाभिमान संस्था के संस्थापक डॉ. उदयभान सिंह चौहान को सह-सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त सिंधी समाज की सभी समाजसेवी संस्थाओं, युवा शाखाओं एवं महिला शाखाओं के प्रमुख पदाधिकारियों को स्वागत समिति का सदस्य बनाया गया है।
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url