शहीद दिवस पर राष्ट्रपिता को नमन: गांधी जी के विचार आज भी देश की सबसे बड़ी ताकत – मोक्ष कुमार प्रधान
अहिंसा, सत्य और भाईचारे के मार्ग पर चलकर ही संभव है सशक्त भारत का निर्माण: मोक्ष कुमार

महासमुंद/ बसना। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि (शहीद दिवस) पर जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के सक्रिय नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को शत-शत नमन करते हुए कहा कि गांधी जी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जो आज भी देश को एकजुट रखने का कार्य कर रही है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि देश की आज़ादी में महात्मा गांधी की भूमिका अतुलनीय रही है। उन्होंने अंग्रेज़ी हुकूमत के खिलाफ अहिंसा, सत्य और संवैधानिक संघर्ष के माध्यम से आज़ादी की लड़ाई लड़ी और बिना हथियार उठाए पूरे विश्व को भारत की ताकत दिखाई।गांधी जी के संघर्ष का ही परिणाम है कि आज देश का हर नागरिक स्वतंत्र वातावरण में अपने अधिकारों के साथ जीवन जी रहा है।
उन्होंने कहा कि 30 जनवरी 1948 का दिन भारतीय इतिहास का सबसे दुखद और पीड़ादायक दिन है, जब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या कर दी गई। यह केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं थी, बल्कि सत्य और अहिंसा के विचारों पर हमला था, जिसे देश ने कभी स्वीकार नहीं किया।मोक्ष कुमार प्रधान ने आगे कहा कि आज जब देश अनेक सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे समय में गांधी जी के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नफरत और हिंसा का रास्ता छोड़कर गांधी जी के बताए मार्ग—अहिंसा, प्रेम, भाईचारे और समानता को अपनाएँ तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करें।
अंत में उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन हमें सिखाता है कि सत्य और अहिंसा की राह पर चलकर ही सशक्त, न्यायपूर्ण और विकसित भारत का निर्माण संभव है।
