सिरपुर महोत्सव 2026: 1 से 3 फरवरी तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 1 से 3 फरवरी तक
लोक, शास्त्रीय, सूफी और आधुनिक संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियाँ होंगी आकर्षण का केंद्र
महासमुंद। प्रदेश के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर स्थल सिरपुर में 1, 2 और 3 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं के साथ-साथ देश की शास्त्रीय, सूफी एवं आधुनिक संगीत विधाओं की मनमोहक प्रस्तुतियाँ होंगी। तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी और देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
प्रथम दिवस : 1 फरवरी 2026
शुभारंभ अवसर पर बाबा हंसराज रघुवंशी की विशेष प्रस्तुति
महोत्सव का शुभारंभ दोपहर 12 बजे से होगा।
फुलझरिया कर्मा पार्टी, बिलासपुर द्वारा कर्मा नृत्य
छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच, राजनांदगांव द्वारा **लोक कला प्रस्तुति
दोपहर 2:30 से 3:30 बजे तक उद्घाटन समारोह
इसके पश्चात इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के कलाकारों द्वारा कत्थक एवं लोक नृत्य, ध्रुपद गायन, सितार वादन, तथागत नाटक, ओडिसी नृत्य एवं भरथरी की प्रस्तुतियाँ होंगी।
शाम 5 से 7 बजे तक सुनील तिवारी लोक कला मंच, रायपुर द्वारा रंग-झांझर कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
रात्रि 7 से 10 बजे तक प्रसिद्ध लोक-भक्ति गायक बाबा हंसराज रघुवंशी एवं उनकी बैंड टीम (दिल्ली) की विशेष प्रस्तुति महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगी
द्वितीय दिवस : 2 फरवरी 2026
इंडियन आइडल फेम कलाकारों की शानदार प्रस्तुति
दूसरे दिन इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ द्वारा शास्त्रीय गायन, वादन, तबला एवं सुगम संगीत की प्रस्तुतियाँ होंगी। इसके साथ ही सूफी स्पिरिचुअल म्यूजिक, कबीर संगीत संध्या, थेरीगाथा नाट्य एवं भरतनाट्यम नृत्य का आयोजन किया जाएगा।
शाम 5:30 से 7 बजे तक नवा किस्मत लोक कला मंच, भिलाई द्वारा लोक कला की प्रस्तुति होगी।
रात्रि 7 से 10 बजे तक इंडियन आइडल फेम 10 नितिन कुमार, इंडियन आइडल फेम 12 नचिकेत लेले एवं वैशाली अपनी गायन प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
तृतीय दिवस : 3 फरवरी 2026
मीत ब्रदर्स की प्रस्तुति के साथ भव्य समापन
समापन दिवस पर दोपहर से ही कत्थक, ओडिसी, पंथी, बस्तरिहा, डंडा नृत्य सहित विभिन्न छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी।
शाम 4:30 से 5:30 बजे तक सिरपुर महोत्सव का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात लोक कला मंचों द्वारा विशेष प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।
रात्रि 7 से 10 बजे तक प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर एवं बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मीत ब्रदर्स, मुंबई की विशेष प्रस्तुति के साथ सिरपुर महोत्सव 2026 का भव्य समापन होगा।
सिरपुर महोत्सव 2026 छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और संगीत परंपराओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है।

