घोटगांव में आबकारी विभाग ने अवैध शराब 35 लीटर महुआ शराब जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार
नगरी - धमतरी जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा के सख्त निर्देशों तथा जिला आबकारी अधिकारी निरुपमा लोनहारे के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। आबकारी उप निरीक्षक वृत्त नगरी निशांत साधु के नेतृत्व में प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर ग्राम घोटगांव, थाना नगरी क्षेत्र में आरोपी तोमन लाल कश्यप (पिता–सम्पत कश्यप) के निवास पर दबिश दी गई। जिसमे कार्यवाही के दौरान आरोपी के घर से लगभग 35 लीटर अवैध महुआ शराब जप्त की गई। प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59-क के तहत विधिवत मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई अवैध मदिरा के निर्माण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
उक्त अभियान में आबकारी उप निरीक्षक (परि.) विवेक कुमार दीवान, अजय राज कश्यप, गिरजा बघेल, मुख्य आरक्षक मुरली सोनी, आबकारी आरक्षक प्रशांत यादव, नगर सैनिक जितेंद्र कोरे एवं ज्योति बंजारे का सराहनीय योगदान रहा।
जिला प्रशासन द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। आमजन से अपील की गई है कि इस प्रकार की किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
