सिहावा स्कूल में भूतपूर्व छात्र-छात्राओं का महामिलन, समारोह आज मुख्य अतिथि कलेक्टर
नगरी — शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिहावा में 7 फरवरी को भूतपूर्व छात्र-छात्राओं का भव्य मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है। “संगी मिलन” नाम से आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां इन दिनों जोर-शोर से चल रही हैं। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर अविनाश मिश्रा के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आयोजन समिति का गठन किया गया है, जिसमें शैलेंद्र धेनुसेवक को अध्यक्ष एवं रामाराव बघेल को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इस मिलन समारोह में वर्ष 1972 से लेकर 2025 तक के पूर्व छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया गया है। अब तक 700 से अधिक पूर्व छात्र-छात्राएं अपना पंजीयन करा चुके हैं।
शाला प्राचार्य एस. आर. साहू ने बताया कि इस “संगी मिलन” समारोह के माध्यम से पूर्व छात्र-छात्राएं अपने पुराने विद्यालय में पहुंचकर पुरानी यादों को ताजा करेंगे और एक-दूसरे से मिलकर अनुभव साझा करेंगे। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी थरूण निषाद द्वारा दी गई।
