आमापाली में संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, पं. योगेश्वरानंद महाराज कर रहे अमृत वर्षा


बसना/आमापाली। ग्राम आमापाली इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर है। शुक्रवार, 13 फरवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 तक यहां सार्वजनिक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। सात दिनों तक चलने वाले इस आध्यात्मिक महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का रसपान कराने के लिए कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र के प्रसिद्ध अंक ज्योतिष एवं कथा वाचक पं. योगेश्वरानंद जी महाराज के श्रीमुख से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा और विधिवत कलश स्थापना के साथ हुई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे गांव को भक्तिमय रंग में रंग दिया। श्रद्धालुओं की जयघोष और भजन-कीर्तन से वातावरण गूंज उठा।

आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से 10:30 बजे तक वेदी एवं तुलसी पूजन किया जा रहा है। वहीं दोपहर 1:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मुख्य कथा का आयोजन हो रहा है। कथा में श्रीकृष्ण जन्म, गोवर्धन लीला, रासलीला, प्रह्लाद चरित्र, सुदामा चरित्र सहित कई भावपूर्ण प्रसंगों का संगीतमय एवं रोचक वर्णन किया जा रहा है, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं।

आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति और ग्रामवासियों ने सभी धर्मप्रेमीजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण कर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url