डाइट नगरी में शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय रायपुर (बी.एड.) के प्राध्यापकगण एवं छात्राध्यापक शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे..
नगरी - जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नगरी, जिला धमतरी में शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय रायपुर (बी.एड.) के प्राध्यापकगण एवं लगभग 160 छात्राध्यापक शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे। डाइट परिवार द्वारा अतिथियों का आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया गया। संस्था प्रमुख प्रकाश राय, उप प्राचार्य एन.आर. साहू सहित समस्त स्टाफ एवं डी.एड. प्रथम व द्वितीय वर्ष के छात्राध्यापकों ने अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। स्वागत गीत की मधुर प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। संस्था प्रमुख प्रकाश राय ने स्वागत भाषण में डाइट नगरी की स्थापना वर्ष 1961 में बी.टी.आई. के रूप में होने तथा 2005 में डाइट के रूप में उन्नयन की जानकारी देते हुए सिहावा क्षेत्र की भौगोलिक, ऐतिहासिक, पौराणिक, सामाजिक एवं औद्योगिक विशेषताओं से अवगत कराया।
शैक्षणिक सत्र में डाइट नगरी के छात्राध्यापकों द्वारा संस्थान की दैनिक एवं वार्षिक शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी साझा की गई। वहीं शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय रायपुर के छात्राध्यापकों ने भी अपने महाविद्यालय में संचालित प्रशिक्षण पद्धतियों, नवाचारों एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण किया। दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक संवाद एवं अनुभवों का आदान-प्रदान अत्यंत उपयोगी रहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सामूहिक नृत्य एवं वाद्ययंत्रों के साथ सामूहिक गान की आकर्षक प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर लगभग 200 से अधिक प्राध्यापकों, प्रशिक्षणार्थियों एवं उपस्थितजनों ने पारंपरिक व्यंजन पान-रोटी का स्वाद लिया, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
पान-रोटी की व्यवस्था साहू दंपत्ति श्री तुमनचंद साहू एवं श्रीमती रंजिता साहू के सौजन्य से की गई। श्रीमती रंजिता साहू ने प्रशिक्षणार्थियों को पान-रोटी बनाने की व्यवहारिक विधि भी सिखाई। प्रशिक्षण के दौरान तैयार पान-रोटियां ही अतिथियों को परोसी गईं। श्री तुमनचंद साहू ने पान-रोटी के स्वास्थ्य लाभ, पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका तथा ग्रामीण रोजगार सृजन की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
साथ ही साहू दंपत्ति द्वारा जैविक खेती एवं “गुल्लक” अवधारणा पर आधारित शैक्षणिक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें नवाचारी शिक्षण सामग्री, गणित एवं वर्णमाला चार्ट आदि का प्रदर्शन किया गया तथा शिक्षण-सहायक सामग्री का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम उत्साह, नवाचार, सांस्कृतिक चेतना एवं शैक्षणिक समन्वय के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में आभार प्रदर्शन करते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की गई। डाइट नगरी की ओर से शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय रायपुर को स्मृति-चिन्ह भेंट किया गया। कार्यक्रम का संचालन जोहन नेताम व्याख्याता ने किया।
समारोह में डाइट नगरी के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं छात्राध्यापक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
