कलेक्टर ने किया प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का औचक निरीक्षण
व्यवस्थाओं का लिया विस्तृत जायजा,सस्ती जेनरिक दवाइयों की उपलब्धता पर जताई संतुष्टि
रायपुर :- जिले के कलेक्टर डॉ.गौरव सिंह ने प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र पहुंचकर वहां संचालित व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध दवाइयों की गुणवत्ता,स्टॉक की स्थिति,दवा वितरण प्रक्रिया,रिकार्ड संधारण तथा लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र संचालक से चर्चा करते हुए दवाइयों की नियमित आपूर्ति,मांग और उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने यह भी जाना कि प्रतिदिन कितने नागरिक केंद्र से लाभान्वित हो रहे हैं तथा किन प्रमुख दवाइयों की मांग अधिक रहती है।
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि योजना आम नागरिकों,विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। इस योजना के अंतर्गत संचालित जन औषधि केंद्रों में ब्रांडेड दवाइयों की तुलना में 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जेनरिक दवाइयाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे मरीजों के इलाज पर होने वाला खर्च काफी हद तक कम हुआ है और उन्हें आर्थिक राहत मिल रही है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि केंद्र में सभी आवश्यक जीवनरक्षक एवं नियमित उपयोग की दवाइयों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए,ताकि किसी भी नागरिक को दवा के लिए भटकना न पड़े। साथ ही,दवाइयों की गुणवत्ता एवं वैधता (एक्सपायरी डेट) की नियमित जांच करने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने केंद्र की साफ-सफाई,दवा रैक की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा पारदर्शी मूल्य सूची प्रदर्शित करने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से आम जनता का विश्वास बढ़ता है और सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे डॉक्टर की सलाह के अनुसार जेनरिक दवाइयों का उपयोग करें तथा प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों से सस्ती और प्रभावी दवाइयाँ प्राप्त कर योजना का अधिकतम लाभ उठाएं। गौरतलब है कि जन औषधि केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है,जिसका उद्देश्य सभी नागरिकों को सुलभ,सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयाँ उपलब्ध कराना है। जिले में इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत हो रही है।

