पूर्व सभापति शेख नजीरुद्दीन (छोटे पार्षद) के प्रयास से तालापारा में भव्य नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न
250 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण,विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं,नि:शुल्क दवा वितरण से जनता लाभान्वित
बिलासपुर :- स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है — इसी उद्देश्य के साथ आज तालापारा स्थित रमजानी बाबा सामुदायिक भवन में एक व्यापक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर तालापारा की पार्षद श्रीमती असगरी बेगम तथा पूर्व नगर निगम सभापति एवं सामाजिक कार्यकर्ता शेख नजीरुद्दीन (छोटे पार्षद) के सतत प्रयासों से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
इस स्वास्थ्य शिविर में 250 से अधिक मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया,जिसमें हृदय रोग,दंत रोग,नेत्र रोग,मांसपेशियों व हड्डियों की समस्या सहित बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक ब्लड टेस्ट भी शामिल थे। मरीजों को आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं,जिससे आमजन को अत्यंत राहत मिली। स्वास्थ्य सेवाएं देने हेतु शहर के ख्यातिप्राप्त चिकित्सकों की टीम उपस्थित रही,जिसमें प्रमुख रूप से डॉ.समर्थ शर्मा,डॉ.श्रीकांत गिरी,डॉ.आर.के.कश्यप,डॉ.ज्योति आचार्य कश्यप एवं डॉ.विशाल चौधरी ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं दीं। डॉक्टरों ने मरीजों को उनके स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं पर विस्तृत परामर्श दिया तथा रोगों से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
डॉ.समर्थ शर्मा ने कहा,“स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से हम समाज के अंतिम व्यक्ति तक चिकित्सा सुविधा पहुंचा सकते हैं,यह समाजसेवा का सशक्त माध्यम है।” वहीं डॉ.श्रीकांत गिरी ने भी नियमित जांच की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि “समय पर जांच और निदान गंभीर बीमारियों से बचाव में सहायक होता है।”शिविर स्थल पर मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता शेख नजीरुद्दीन ने बताया कि उनका उद्देश्य ऐसे शिविरों के माध्यम से गरीब और वंचित वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में और भी बड़े स्तर पर ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाएगा जिसमें महिला रोग विशेषज्ञ,त्वचा विशेषज्ञ तथा बाल रोग विशेषज्ञों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी। शिविर के आयोजन में स्थानीय युवाओं,स्वयंसेवकों एवं वार्डवासियों का विशेष योगदान रहा। शिविर स्थल की व्यवस्था,मरीजों के पंजीयन,जांच प्रक्रिया का संचालन,दवा वितरण और परामर्श व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने में स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्वास्थ्य शिविर की मुख्य विशेषताएं
हृदय रोग,नेत्र,दंत,हड्डी एवं मांसपेशियों से जुड़ी विस्तृत जांचें
बच्चों के लिए विशेष ओपीडी परामर्श
नि:शुल्क ब्लड टेस्ट एवं आवश्यक दवाओं का वितरण
अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपस्थिति
स्वास्थ्य जागरूकता परामर्श एवं जीवनशैली से संबंधित सुझाव
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी चिकित्सकों,दवा कंपनियों,सहयोगी संस्थाओं तथा स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी इस शिविर की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नियमित होने चाहिए,जिससे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत मिल सके। यह स्वास्थ्य शिविर न केवल चिकित्सा सेवा का माध्यम बना,बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सामाजिक सहयोग की भावना को भी सशक्त करने वाला प्रयास सिद्ध हुआ।



