जिला इकाई प्रमुख नवीन यादव ने पद से दिया इस्तीफा


वैचारिक मतभेद और व्यक्तिगत कारणों का हवाला,कार्यकर्ता के रूप में पार्टी से जुड़े रहने की बात

बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ शिवसेना की जिला इकाई को एक बड़ा झटका तब लगा जब पार्टी के सक्रिय और वरिष्ठ नेता अधिवक्ता नवीन यादव ने जिला प्रमुख बिलासपुर पद से अपने त्यागपत्र की घोषणा कर दी। उन्होंने औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा शिवसेना प्रदेश महासचिव सुनील कुमार झा को सौंपा,जिसकी एक प्रति प्रदेश कार्यालय स्थित प्रदेश प्रमुख को भी प्रेषित की गई है।

अपने त्यागपत्र में यादव ने पद छोड़ने के पीछे दो प्रमुख कारणों – वैचारिक मतभेद और व्यक्तिगत कारणों – का उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा है कि वे वर्तमान परिस्थितियों में संगठन के भीतर अपनी जिम्मेदारियों का निष्पक्ष और ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने में असमर्थ हैं। उनका मानना है कि जब व्यक्ति अपने सिद्धांतों और विचारों के साथ समझौता करने लगे तो पद पर बने रहना संगठन के साथ-साथ व्यक्तिगत मूल्यों के साथ भी अन्याय होता है।

नवीन यादव लंबे समय से शिवसेना से जुड़े हुए हैं और उन्होंने पार्टी की विचारधारा के प्रचार-प्रसार में एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में अहम भूमिका निभाई है। जिला प्रमुख के रूप में अपने कार्यकाल में उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और सामाजिक मुद्दों पर शिवसेना की मुखर उपस्थिति दर्ज कराने जैसे कई कार्य किए। हालांकि पद से त्यागपत्र देने के बावजूद यादव ने स्पष्ट किया है कि उनका शिवसेना से वैचारिक लगाव बना रहेगा। उन्होंने कहा कि वे अब भी एक जिम्मेदार कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के कार्यक्रमों,आंदोलनों और आयोजनों में हिस्सा लेते रहेंगे और जनता की सेवा शिवसेना की नीति एवं सिद्धांतों के अनुरूप करते रहेंगे।

शिवसेना की स्थानीय इकाई में यादव के त्यागपत्र के बाद नए जिला प्रमुख की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि संगठन की कमान अब किसे सौंपी जाएगी,जो न केवल पार्टी के कार्यों को आगे बढ़ाए बल्कि नवीन यादव द्वारा स्थापित मापदंडों को भी बनाए रखे। प्रदेश नेतृत्व की ओर से अभी इस इस्तीफे पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है,लेकिन माना जा रहा है कि पार्टी वरिष्ठ नेतृत्व जल्द ही नए जिला प्रमुख की घोषणा करेगा और संगठनात्मक मजबूती के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url