शासन की अनदेखी से सकोला स्कूल परिसर बना 'तालाब', छात्राओं को हो रही भारी परेशानी
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही :- सकोला तहसील मुख्यालय स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती तिराहे के पास शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मिडिल स्कूल और प्राइमरी स्कूल परिसर इन दिनों भारी जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। हर वर्ष बरसात में यह शिक्षण संस्थान तालाब में तब्दील हो जाते हैं,जिससे छात्राओं और छोटे बच्चों को स्कूल आना किसी जंग लड़ने से कम नहीं लगता।
स्कूल परिसर में ही संचालित आंगनबाड़ी केंद्र भी इस जलजमाव से अछूता नहीं है। प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक के विद्यार्थियों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे गिरने और संक्रमण का खतरा हमेशा बना रहता है।
स्थानीय शिक्षकों और जिम्मेदार नागरिकों द्वारा कई बार प्रशासन का ध्यान इस ओर खींचा गया है,लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। बस स्टैंड कोटमी से रानी दुर्गावती तिराहा होते हुए शासकीय राशन दुकान तक नाली नहीं होने के कारण सारा पानी स्कूल परिसर में जमा हो जाता है। इस कारण न केवल पढ़ाई बाधित हो रही है,बल्कि छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है। जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में शिक्षा मिल सके।


