बिजली बिल हाफ योजना में कटौती के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, तिफरा बिजली कार्यालय का घेराव


सरकार के फैसले को बताया जनविरोधी,उग्र आंदोलन की चेतावनी

बिलासपुर :- राज्य सरकार द्वारा ‘बिजली बिल हाफ योजना’ को सीमित करने के निर्णय के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी गठित के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिफरा स्थित बिजली कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर जनविरोधी नीतियों को अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब और मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं के हित में चलाई जा रही इस योजना पर भी कैंची चला दी है। कांग्रेस शासनकाल में शुरू की गई यह योजना लाखों उपभोक्ताओं को राहत देती थी,लेकिन अब सरकार ने इसे केवल 100 यूनिट तक सीमित कर दिया है, जिससे अधिकांश उपभोक्ताओं को लाभ मिलना बंद हो गया है।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और सरकार से इस जनहितैषी योजना को पूर्ववत लागू करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस फैसले को वापस नहीं लिया,तो कांग्रेस सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष करेगी और जनता के अधिकारों की लड़ाई को और तेज करेगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केसरवानी ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार जनविरोधी निर्णय ले रही है। "बिजली बिल हाफ योजना" को सीमित करना भी उसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस योजना ने खासकर मध्यम वर्ग और निम्न आयवर्ग के परिवारों को बड़ी राहत दी थी, लेकिन वर्तमान सरकार को यह भी रास नहीं आया।

वहीं ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि सरकार अगर अपनी तानाशाही रवैये पर कायम रही,तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है और जनता की सुविधा बहाल करवा कर रहेगी।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं के साथ सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे जोश और एकजुटता के साथ इस आंदोलन में भाग लिया।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url