एसईसीएल में कोल इंडिया गोल्डन जुबली लेक्चर सीरीज एवं रूबी जुबली समारोह के अंतर्गत ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज क्रिकेट कप्तान ने दिया प्रेरक व्याख्यान
सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं मेहनत,साझेदारी और धैर्य ही जीत की कुंजी : स्टीव वॉ
बिलासपुर :- साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड(एसईसीएल)में शुक्रवार को आयोजित कोल इंडिया गोल्डन जुबली लेक्चर सीरीज एवं एसईसीएल रूबी जुबली समारोह में विश्वविख्यात ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट कप्तान,वर्ल्ड कप विजेता और समाजसेवी स्टीव वॉ ने प्रेरक व्याख्यान देकर सभी को सफलता के मूलमंत्र बताए। खचाखच भरे ऑडिटोरियम में एसईसीएल मुख्यालय और संचालन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
अपने उद्बोधन में वॉ ने कहा –“सफल लोग बहाने नहीं बनाते,न ही शॉर्टकट अपनाते हैं। वे हमेशा अतिरिक्त मेहनत और कठिन परिश्रम करने के लिए तैयार रहते हैं।” उन्होंने अपनी कप्तानी फिलॉसफी साझा करते हुए कहा कि –“सभी को समान रूप से लेकिन अलग-अलग तरीके से ट्रीट करना चाहिए। ”इसका आशय यह था कि अनुशासन और आपसी सम्मान सभी के लिए समान रहें,लेकिन हर खिलाड़ी को अपनी अनूठी शैली में प्रदर्शन का अवसर मिले।
स्टीव वॉ ने सफलता के लिए 3P – प्रेशर(दबाव),पार्टनरशिप (साझेदारी)और पेशेंस (धैर्य) को जरूरी बताया। उन्होंने टीम एसईसीएल की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान,आत्मविश्वास और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे यहाँ उपस्थित हर व्यक्ति में गर्व और प्रतिबद्धता की झलक देख पा रहे हैं।
इस अवसर पर निदेशक(तकनीकी/संचालन)एन.फ्रैंकलिन जयकुमार,निदेशक(एचआर)बिरंची दास,निदेशक(वित्त)डी.सुनील कुमार,निदेशक(तकनीकी/योजना एवं परियोजना)आर.सी.महापात्र, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन सहित जिला प्रशासन,रेलवे, यूनियन,सिस्टा,काउंसिल के प्रतिनिधि,क्षेत्रीय महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निदेशक(कार्मिक)बिरंची दास ने अपने उद्बोधन में कहा –“यह टीम एसईसीएल के लिए गौरव का विषय है कि हमें एक ऐसी महान शख्सियत से प्रेरणा लेने का अवसर मिला,जो खेल जगत ही नहीं बल्कि समाजसेवा में भी अग्रणी रहे हैं। निश्चित ही एसईसीएल परिवार वॉ के सूत्रों से प्रेरित होकर आगे बढ़ेगा।”
गौरतलब है कि कोल इंडिया के 50 गौरवशाली वर्षों के उपलक्ष्य में यह गोल्डन जुबली लेक्चर सीरीज आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में एसईसीएल द्वारा यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया।कार्यक्रम का संचालन उप-प्रबंधक(ई एंड एम)सुश्री अनुराधा ने किया और अंत में उप-महाप्रबंधक(मा.स./प्र./रा.भा./जं.स.)मनीष श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।



