कांग्रेस की ‘गद्दी छोड़ आंदोलन’ सभा : पायलट ने भाजपा पर साधा निशाना,बैज ने बताया वोट चोर,बघेल बोले अभी हाइड्रोजन बम फूटना बाकी
बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ की राजनीति में गर्माहट तेज हो गई है। भाजपा सरकार पर लगातार हमलावर कांग्रेस ने बिलासपुर में शक्ति प्रदर्शन किया। मुंगेली नाका स्थित ग्रीन गार्डन मैदान में “वोट चोर–गद्दी छोड़” आमसभा का आयोजन हुआ। सभा में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट,पीसीसी चीफ दीपक बैज,पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभा में हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस सभा में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने,निर्वाचन आयोग पर दबाव बनाने और वोट चोरी कर सत्ता हथियाने का गंभीर आरोप लगाया। वक्ताओं ने जनता से अपील की कि वे लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में कांग्रेस का साथ दें।
सचिन पायलट का भाजपा पर वार–दाल में कुछ नहीं,पूरी दाल ही काली
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ों को कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा,“हम हर जिले में हस्ताक्षर अभियान चलाकर यह संदेश देंगे कि चुनाव निष्पक्ष हों। यह दोष निर्वाचन आयोग का नहीं है, बल्कि उन लोगों का है जिन्होंने आयोग में अपनी पसंद के व्यक्ति को बैठाया। अब शक नहीं रह गया है, दाल में कुछ काला नहीं बल्कि पूरी दाल ही काली है। हमें सबको मिलकर इसके खिलाफ लड़ना होगा।”
पायलट ने आगे कहा कि आजादी के बाद देश में लोकतंत्र स्थापित हुआ था और हर नागरिक को वोट का अधिकार मिला था। लेकिन मौजूदा समय में भाजपा उस व्यवस्था को कमजोर कर रही है। “निर्वाचन आयोग के मुखिया की नियुक्ति अब न्यायपालिका के बजाय गृहमंत्री के इशारे पर हो रही है। यही कारण है कि भाजपा को हर जगह अनुचित लाभ मिल रहा है।”उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जब निर्वाचन आयोग से वोट चोरी पर सवाल पूछा,तो जवाब आयोग ने नहीं,बल्कि भाजपा प्रवक्ताओं ने दिया। इससे साफ है कि भाजपा ही निर्वाचन आयोग की ढाल बनी हुई है।
चरणदास महंत बोले–फर्जी वोटिंग और धांधली से बदल दिया गया नतीजा
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने सभा में कहा कि भाजपा लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा,“हमारे वोट को चुराकर नरेंद्र मोदी उधार के प्रधानमंत्री बने हैं। प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान वोटिंग का प्रतिशत कुछ और था,लेकिन नतीजे कुछ और निकले। यह कैसे संभव है? साफ है कि फर्जी वोटिंग की गई और सबूत मिटाए जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग भाजपा का एजेंट बनकर काम कर रहा है।”महंत ने कहा कि भाजपा विपक्षी नेताओं को डराने–धमकाने का काम कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि कवासी लखमा और भूपेश बघेल के बेटे तक के साथ सत्ता पक्ष ने दुर्व्यवहार किया। “हम पूरे प्रदेश में ऐसा माहौल बनाएंगे जिससे नरेंद्र मोदी को गद्दी से उतरने पर मजबूर होना पड़े।”
भूपेश बघेल का हमला – राहुल गांधी ने एटम बम फोड़ा,अब हाइड्रोजन बम फूटेगा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ने फर्जी वोटिंग के जरिए सत्ता हथियाई है। उन्होंने कहा,
“हमारी सरकार काम न करने से नहीं गिरी,बल्कि वोट चोरी के कारण गिरी है। राहुल गांधी ने जब तथ्यात्मक रूप से मुद्दा उठाया तब जाकर असलियत सामने आई। यही राहुल गांधी हैं,गांधी किसी से माफी नहीं मांगता। उन्होंने एटम बम फोड़ा है,अब जल्द ही हाइड्रोजन बम फूटेगा।”बघेल ने इशारों में कहा कि शायद यह हाइड्रोजन बम वाराणसी में फूटेगा। “अगर वहां फर्जीवाड़ा साबित हुआ तो प्रधानमंत्री मोदी का क्या होगा, यह सबको पता चल जाएगा।” उन्होंने प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा शासन में किसान खाद की कमी से जूझ रहे हैं,बिजली बिल लगातार बढ़ रहे हैं, स्कूल बंद किए जा रहे हैं और कर्मचारियों से बदसलूकी हो रही है। “लेकिन भाजपा को कोई चिंता नहीं, क्योंकि उन्हें मालूम है कि सरकार जनता के वोट से नहीं बल्कि चोरी किए गए वोटों से बनती है। अब समय आ गया है कि मोदी झोला उठाकर घर जाएं।”
दीपक बैज का ऐलान–रायगढ़ से उठेगी नई लड़ाई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनता अब भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त हो चुकी है।“बस्तर में लोग बाढ़ से परेशान हैं और डिप्टी सीएम तीजा–पोरा त्योहार मना रहे हैं। यह सरकार संवेदनहीन है। लोग दिन गिन रहे हैं, सिर्फ तीन साल बाकी हैं। इस सरकार को उखाड़ फेंकना है और जनता इसके लिए आतुर है।”बैज ने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में बड़े आंदोलन करेगी और आने वाले दिनों में रायगढ़ से यह लड़ाई और तेज होगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा –“वोट चोर कौन है? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। और वोट चोरी करने वाली पार्टी कौन है? भाजपा।”
सभा से निकला संदेश–लोकतंत्र बचाने की लड़ाई जारी
बिलासपुर की इस सभा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। नेताओं के भाषणों के दौरान नारेबाजी से पूरा मैदान गूंजता रहा। ‘मोदी सरकार हाय-हाय’ और ‘वोट चोर–गद्दी छोड़’ के नारे लगातार गूंजते रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है। आने वाले महीनों में पूरे प्रदेश में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा और वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा।


