आदर्श दुर्गोत्सव समिति का स्वर्ण जयंती नवरात्रि महोत्सव : अरपा आरती,सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भव्य आयोजन ने खींचा जनसैलाब
बिलासपुर :- आदर्श दुर्गोत्सव समिति के 50वें स्वर्ण जयंती वर्ष के अंतर्गत आयोजित नवरात्रि महोत्सव का द्वितीय दिवस आस्था और सांस्कृतिक विविधताओं से सराबोर रहा। इस अवसर पर समिति की ओर से कई विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया,जिनमें अरपा आरती मुख्य आकर्षण रही।
गंगा आरती की तर्ज पर सुश्री प्रज्ञा भारती द्वारा आरंभ की गई अरपा आरती का आयोजन समिति की महिला सदस्यों के नेतृत्व में बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। आरती के दौरान उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर अरपा नदी के संरक्षण का संकल्प लिया। लोगों ने यह भी निश्चय किया कि बिलासपुर की जीवन रेखा कही जाने वाली अरपा नदी के जीर्णोद्धार में हर संभव योगदान देंगे और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं निर्मल धरोहर सौंपेंगे।
महोत्सव के इस अवसर पर मध्यप्रदेश के लोकप्रिय युवा नेता और छात्रों की आवाज बनकर खड़े होने वाले रवि चौधरी विशेष अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उन्होंने मां दुर्गा के दरबार में दर्शन किए और समिति द्वारा किए जा रहे इस भव्य आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिलासपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने का यह प्रयास अनुकरणीय है।
कार्यक्रम के दौरान मंच से विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। मां की स्तुति में प्रस्तुत भजन और नृत्यांजलि ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव के स्वर्ण जयंती वर्ष में हर दिन विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं,जिनमें भक्तों के लिए धार्मिक अनुष्ठान,सामाजिक जागरूकता गतिविधियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल हैं।
महोत्सव स्थल पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित प्रबंध किए थे,जिससे सभी ने अनुशासित रूप से दर्शन किए और कार्यक्रम का आनंद लिया।




