धमतरी जिले को राष्ट्रीय सम्मान — राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा को किया सम्मानित

प्रधानमंत्री जनमन योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन हेतु मिला पुरस्कार
नगरी। प्रधानमंत्री जनमन योजना (पीएम जनमन) के उत्कृष्ट और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए धमतरी जिले को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ है। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में धमतरी जिले के कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।

यह सम्मान जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं के नवाचारपूर्ण, पारदर्शी और परिणाममुखी क्रियान्वयन के लिए दिया गया है।

प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत धमतरी जिले में ग्राम स्तर तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करने, पात्र लाभार्थियों की समयबद्ध पहचान तथा सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक नवाचार अपनाए गए हैं। समुदाय आधारित भागीदारी और तकनीकी नवाचारों के माध्यम से इस योजना को जिले ने एक जनआंदोलन का रूप दिया है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में आयोजित कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भी धमतरी जिले के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा था कि धमतरी मॉडल अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत है।”
यह राष्ट्रीय सम्मान जिले के प्रशासनिक दल, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना का प्रतीक है।

धमतरी जिले के नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत सांकरा के आश्रित गाँव मसानडबरा में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय के लिए पक्के मकान बनाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो सके।

यह देश की दूसरी तथा छत्तीसगढ़ राज्य की पहली पीएम जनमन आवास कॉलोनी है, जो विशेष रूप से कमार जनजाति के लिए निर्मित की जा रही है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, योजना अंतर्गत कुल 1481 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 982 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url