अरपा माता की महाआरती से छठ महापर्व का भव्य शुभारंभ,हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में गूंजे ‘जय छठी मइया’ के जयघोष


विधायक,जिला पंचायत अध्यक्ष और गोरखपुर के पूर्व सांसद इंजीनियर विशेष अतिथि उपस्थिति रहे 

बिलासपुर :- कार्तिक मास के पावन अवसर पर सूर्योपासना के महापर्व छठ की शुरुआत रविवार को नहाए-खाए के साथ माता अरपा की भव्य महाआरती से हुई।छठ पूजा समिति द्वारा आयोजित इस पवित्र कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। चारों ओर ‘जय छठी मइया’,‘अरपा माता की जय’ के स्वर से वातावरण भक्तिमय हो उठा। मां अरपा की आरती में सम्मिलित होकर जनप्रतिनिधियों,संत महात्माओं,समाजसेवियों और आम श्रद्धालुओं ने शांति,समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महाआरती के प्रमुख अभ्यागत श्री श्री 1008 त्यागी प्रेमदास जी महाराज के सानिध्य में विधायक धरमलाल कौशिक,विधायक धर्मजीत सिंह,विधायक दिलीप लहरिया,जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी तथा गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के पूर्व सांसद और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक इंजीनियर प्रवीण कुमार निषाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर आरती का शुभारंभ किया।

माता अरपा के तट पर उमड़ा जनसैलाब — आरती में झलकी आस्था और एकता की झलक

अरपा तट पर जब संध्या बेला में आरती प्रारंभ हुई,तो पूरा घाट दीपमालाओं से जगमगा उठा। महिलाओं ने पारंपरिक गीतों के साथ व्रत गीत गाए,वहीं पुरुषों ने घाट की परिक्रमा करते हुए नारियल और दीप अर्पित किए।पूरे घाट परिसर में रंग-बिरंगी झालरों,पुष्प सजावट और भक्ति संगीत से उत्सव जैसा माहौल था। समिति द्वारा अर्पण स्थल को सजाने में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने योगदान दिया।इस अवसर पर छठ पूजा समिति के प्रवीण झा,डॉ.धर्मेंद्र दास,अभय नारायण राय,सुधीर कुमार झा,बी.एन.ओझा,संरक्षक एस.पी.सिंह, एस.के.सिंह,बृजेश सिंह सहित समस्त पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे। सभी ने माता अरपा के समक्ष नमन करते हुए छठ महापर्व की सफलता और नगर के कल्याण की प्रार्थना की।

धरमलाल कौशिक बोले — "अरपा नदी बिलासपुर की जीवनरेखा है,इसे स्वच्छ रखना सबकी जिम्मेदारी"

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि वे प्रारंभ से ही इस महाआरती में सम्मिलित होते रहे हैं। उन्होंने कहा,“अरपा नदी केवल जलधारा नहीं,यह बिलासपुर की आत्मा है। हमारी संस्कृति और अस्तित्व इससे जुड़ा है। सरकार के माध्यम से प्रयास जारी है कि अरपा में गंदे नालों का पानी न गिरे,ताकि यह सदैव स्वच्छ और जीवनदायिनी बनी रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान की सोच यही है कि हमारे नदी-नाले,तालाब और शहर स्वच्छ रहें। जब हमारा जल शुद्ध रहेगा,तभी समाज स्वस्थ रहेगा। ”उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छठ पूजा न केवल धार्मिक पर्व है,बल्कि यह प्रकृति संरक्षण,जल शुद्धता और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।

धर्मजीत सिंह ने कहा — “छठ पूजा समिति का समर्पण प्रशंसनीय,प्रशासन ने भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका”

पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष और विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि छठ पूजा समिति का समर्पण काबिल-ए-तारीफ है। समिति महीनों पहले से घाट की सफाई,सुरक्षा और सजावट में लग जाती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम,जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का भी इस आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग रहा है।“हम सब मिलकर यदि अरपा नदी की स्वच्छता के लिए सालभर प्रयास करें तो यह शहर की पहचान बन सकती है। छठ माता की कृपा से बिलासपुर आने वाले वर्षों में और भी समृद्धि की ओर बढ़ेगा,” उन्होंने कहा।

इंजीनियर प्रवीण निषाद ने बिलासपुर के घाट को बताया देश का सर्वश्रेष्ठ घाट

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोरखपुर(उ.प्र.)के पूर्व सांसद और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक इंजीनियर प्रवीण कुमार निषाद ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में उत्तर प्रदेश,बिहार और दिल्ली के अनेक घाट देखे हैं,परंतु बिलासपुर का यह घाट सबसे अलग है।“यह देश का इकलौता स्थायी और सुसज्जित घाट है,जो वर्षभर उपयोग में रहता है। यहां की समिति और जनता की श्रद्धा देख मन गदगद हो गया। मुझे गर्व है कि मैं आज इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना,” उन्होंने कहा।

मंचीय कार्यक्रम में हुआ अतिथियों का स्वागत,आरती स्थल पर गूंजे सांस्कृतिक कार्यक्रम 

कार्यक्रम की शुरुआत मंचीय स्वागत से हुई।अतिथियों का पुष्पमाला एवं पारंपरिक वस्त्र से सम्मान किया गया। स्वागत भाषण प्रवीण झा ने दिया,जबकि संरक्षक एस.पी.सिंह ने छठ घाट का इतिहास और महाआरती प्रारंभ करने की प्रेरणा पर विस्तार से जानकारी दी उन्होंने जनता से अपील की कि 365 दिन अरपा को माता का दर्जा दें और वर्ष में अनेक अवसरों पर उसकी आरती कर पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश दें। कार्यक्रम का संचालन अभय नारायण राय ने किया,और आभार प्रदर्शन डॉ.धर्मेंद्र दास ने किया। मंच पर सुधीर कुमार झा,बी.एन.ओझा,एस.के.सिंह,बृजेश सिंह समेत अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। मंच पर शहर के कई प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद थे जिनमें विजय केसरवानी,राजेंद्र शुक्ला, प्रमोद नायक,महेश दुबे,जय वाधवानी,ध्रुव कोरी,स्मृति जैन,किरण सिंह,एम.पी.शर्मा,अभय गुप्ता,देवेश गोपाल,बी.पी.सिंह,विजय ओझा,अजय यादव सहित अन्य शामिल थे।

सेवा भावना और सामूहिक प्रयास बना आयोजन की पहचान

कार्यक्रम को सफल बनाने में आर.पी.सिंह,रौशन सिंह,प्रशांत सिंह,दिलीप कुमार चौधरी,संजय सिंह राजपूत,धनंजय झा,पंकज सिंह,हरिशंकर कुशवाहा,डॉ.कुमुद रंजन सिंह,बृजेश सिंह,निर्भय सिंह,शशि मिश्रा,अर्जुन सिंह,अमरकांत तिवारी,राजीव गिरी,संतोष सिंह,ललितेश सिंह,रविंद्र सिंह,परविंदर सिंह,गणनाथ मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने श्रमदान और सेवा भावना से योगदान दिया। पूरे आयोजन की अनुशासित व्यवस्था देखकर हर कोई छठ पूजा समिति की प्रशंसा करता नजर आया।

आज 26 अक्टूबर को होगा श्रमदान — छठ घाट की सफाई में आमंत्रित श्रद्धालु 

छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि 26 अक्टूबर को सुबह 7 बजे छठ घाट पर श्रमदान के लिए एकत्र हों। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा नहीं,बल्कि सफाई,अनुशासन और एकता का पर्व है। “हम सबकी भागीदारी से ही घाट स्वच्छ और सुंदर रह सकता है,” उन्होंने कहा। अंत में समिति के प्रवीण झा,डॉ.धर्मेंद्र दास,अभय नारायण राय,सुधीर कुमार झा और बी.एन.ओझा ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।यह आरती केवल अनुष्ठान नहीं,बल्कि पर्यावरण,आस्था और एकता का संदेश देने वाला महायज्ञ बन गया। माता अरपा की भव्य महाआरती से बिलासपुर ने छठ महापर्व का शुभारंभ पूरे उल्लास और भक्ति के साथ किया।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url