शिक्षकों के आपसी विवाद से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, ग्रामीणों ने की स्कूल में तालाबंदी की चेतावनी

विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग

नगरी।  विकासखण्ड नगरी के ग्राम पंचायत बांधा में संचालित माध्यमिक शाला बांधा इन दिनों शिक्षकों के आपसी विवाद के कारण चर्चा का विषय बनी हुई है। शिक्षकों के बीच लंबे समय से चल रहे मनमुटाव और अनियमित उपस्थिति के चलते विद्यालय की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।

ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में पदस्थ दोनों शिक्षकों के बीच तालमेल की कमी के चलते विद्यालय का माहौल शिक्षण के अनुकूल नहीं रह गया है। बच्चों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो रही हैं तथा अक्सर शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं। इससे बच्चों की शिक्षा पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस समस्या की शिकायत पूर्व में कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों को की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने सोमवार को विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कलिराम साहू को एक लिखित ज्ञापन सौंपा है, जिसमें तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।

ग्राम पंचायत सरपंच रमेश कुमार मांडवी और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष परसनाथ कुंजाम ने संयुक्त रूप से कहा कि “हमारे बच्चों का भविष्य इन शिक्षकों के आपसी विवाद की भेंट चढ़ रहा है। यदि शीघ्र शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की गई और विद्यालय में नियमित पढ़ाई प्रारंभ नहीं हुई, तो ग्रामीण विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर कल से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

सरपंच ने बताया कि शिक्षकों के बीच यह विवाद लगभग कई दिनों से चला आ रहा है। उन्होंने कहा विभाग को इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर विवाद का स्थायी समाधान निकालना चाहिए।इस अवसर पर ग्राम पटेल नरसिंह मरकाम, अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति परबत कुंजाम,बालाराम मांडवी, शत्रुघ्न सिन्हा ,गैंद लाल मंडावी दीपा बाई सोना बाई घसिया राम गुमान सिंह सुखचंद मांडवी मिलऊराम मरकाम जैन बाई शकून बाई धनीराम हिरऊराम मांडवी अमृतलाल रामदयाल तिहारू राम सवली बाई उर्मिला बाई सावित्रीबाई शीतल राम नेताम भगवान सिंह सुकालू राम कलेश्वर मरकाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि विभाग जल्द कार्रवाई नहीं करता है, जिसको लेकर कल से विद्यालय में तालाबंदी कर आंदोलन प्रारंभ किया जायेगा।

इस संबंध में पूछे जाने पर विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कलिराम साहू ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा शिक्षकों के आपसी विवाद की शिकायत प्राप्त हुई है। इस विषय की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। शीघ्र ही उचित कार्रवाई कर विद्यालय में पढ़ाई का माहौल बहाल किया जाएगा।
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url