नगर मुख्य मार्ग से होकर गुजरने लगे भारी वाहन, छोटे व्यापारी खतरे के साये में
बाईपास मार्ग पर दिशा संकेत बोर्ड नहीं, विद्यार्थियों व नागरिकों को दुर्घटना का भय
नगरी। नगर पंचायत नगरी के मुख्य मार्गों पर इन दिनों भारी वाहनों की आवाजाही तेजी से बढ़ गई है। नगर के व्यस्ततम चौक व बाजार क्षेत्र से होकर गुजर रहे ट्रक और बड़े वाहन आमजन के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। मुख्य सड़क के किनारे छोटे-छोटे व्यापारी दुकान लगाते हैं, जिनकी दुकानें अब लगातार खतरे के साये में हैं।
धमतरी–नगरी मुख्य स्टेट हाईवे से होकर गुजरने वाले वाहनों के लिए लाखों रुपये की लागत से हरदीभांठा–देवपुर मार्ग तक बाईपास सड़क का निर्माण कराया गया है। इसके बावजूद दिशा संकेत बोर्ड नहीं लगाए जाने के कारण अधिकांश भारी वाहन चालक सही मार्ग न पहचान पाने से सीधे नगर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रवेश कर जाते हैं।
साथ ही वही दूसरी ओर उड़ीसा मार्ग, कोंडागांव से आने जाने वाले बारी वाहन ट्रक भारी वाहन देवपुर–बिरनपुर मार्ग पर भी दिशा संकेत बोर्ड नहीं लगाए गए हैं,जिसके कारण भारी वाहन चालक सीधे नगर के बारी भीड़ वाले जगहों अंदर प्रवेश कर जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दिशा संकेत बोर्डों के अभाव में ट्रक और अन्य भारी वाहन नगर की गलियों में तेज रफ्तार से निकलते हैं, जिससे लगातार दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। व्यापारी धूल और शोर प्रदूषण से परेशान हैं, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में भी चिंता बढ़ती जा रही है।
नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि नगर के प्रमुख मार्गों और द्वारों पर दिशा संकेत बोर्ड तत्काल लगाए जाएं, ताकि भारी वाहनों का प्रवेश नगर सीमा के भीतर प्रतिबंधित हो सके और किसी प्रकार की अनहोनी या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।
