कुदारीबाहरा में गरिमामय तरीके से मनाया गया ‘मितानिन दिवस’ मितानिनों की सेवाओं और समर्पण को किया गया सम्मानित
महासमुंद/बसना :- बसना ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदारी बाहरा में शुक्रवार को मितानिन दिवस उत्साह, गरिमा और पारंपरिक सम्मान के साथ मनाया गया। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा में अग्रणी भूमिका निभाने वाली मितानिनों के योगदान को याद करते हुए ग्राम पंचायत द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों से लेकर स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत कुदारी बाहरा के सरपंच प्रफुल्ल साव ने की। उन्होंने ग्राम की सभी मितानिन बहनों का शॉल-श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ देकर आत्मीय स्वागत किया तथा उनके अथक परिश्रम की सराहना की। सरपंच ने कहा कि मितानिनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की नींव हैं। प्रसव पूर्व देखभाल, टीकाकरण, पोषण, स्वच्छता, बीमारियों की पहचान और जनजागरूकता तक—हर स्तर पर मितानिनों की भूमिका समाज में अमूल्य है।
इस अवसर पर ग्राम के सचिव नारायण बरिहा, एमपीडब्ल्यू किरती प्रधान, सुपरवाइजर, बीआरपी कु. सुकाती साव, तथा ग्राम की मितानिनें—भूमिसुता साव, अहिल्या मांझी, सुरजो बाई मांझी, आमाबाई, निर्मला तथा कुजमोती साव विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर मितानिन दिवस के महत्व और पिछले वर्षों में मितानिनों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मितानिनों को स्वास्थ्य सेवाओं का प्रथम संपर्क बिंदु माना जाता है। दूर-दराज के गाँवों में स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व मितानिनें निभाती हैं। उनके कारण ही कई गंभीर रोगों की समय पर पहचान और उपचार संभव हो पाता है। विशेषकर मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण अभियान, कुपोषण उन्मूलन और जनजागरूकता कार्यक्रमों में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी मितानिनों के कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि संकट के समय, चाहे बीमारी हो या आपदा, मितानिनें हमेशा सबसे पहले सहायता के लिए पहुँचती हैं। गाँव की महिलाएँ और बच्चे उन्हें परिवार सदस्य के समान मानते हैं।
इस अवसर पर मंच से 23 नवम्बर ‘मितानिन दिवस’ की सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं। साथ ही प्रदेश में कार्यरत लाखों मितानिन बहनों, प्रशिक्षिकाओं, ब्लॉक समन्वयकों, स्वास्थ्य पंचायत समन्वयकों, हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर्स,जिला समन्वयकों और पूरे मितानिन परिवार को बधाई और शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।
