जिला में धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ : किसानों में दिखा उत्साह,जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में तुलाई शुरू


जिला में धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ : किसानों में दिखा उत्साह,जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में तुलाई शुरू

कोरबा :- राज्य सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 नवंबर से पूरे प्रदेश में धान खरीदी सीज़न का आरंभ हो गया है। इसी कड़ी में कोरबा जिले के करतला विकासखण्ड अंतर्गत आदिवासी सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोथारी केंद्र में आज धान खरीदी का शुभारंभ बड़े ही उत्साह और पारदर्शिता के साथ किया गया। सुबह से ही किसानों की भीड़ केंद्र में उमड़ने लगी थी, जिससे पूरे क्षेत्र में किसान-हित से जुड़े इस आयोजन की चर्चा रही।

शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में करतला जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अशोका बाई कंवर उपस्थित रहीं। उनके साथ कोथारी के सरपंच विश्राम कंवर,जनपद सदस्य किश्नो महाजन कंवर,समिति के प्रबंधक तुलसी कुमार साहू,प्रभारी चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित थे।मंच से उपस्थित अतिथियों ने प्रदेश सरकार के किसान–हितैषी निर्णयों और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को किसानों के लिए राहतदायक कदम बताया।

धान खरीदी की शुरुआत केंद्र पर किसान जय नन्दन,सहस कौशिक,आनंद बाई साहू और रामनारायण के धान की तुलाई से की गई। तुलाई प्रक्रिया के दौरान समिति द्वारा सुरक्षा,पारदर्शिता और व्यवस्थापन को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। किसानों के दस्तावेज़ों का सत्यापन,टोकन व्यवस्था और तुलाई प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए कर्मचारी सुबह से ही सक्रिय रहे।

कार्यक्रम में प्रथम किसान का सम्मान करते हुए जनपद अध्यक्ष श्रीमती अशोका विश्राम कंवर ने उन्हें फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और धान खरीदी केंद्रों पर किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।आसपास के कई गांवों से आए किसानों ने सरकार की धान खरीदी नीति पर संतोष व्यक्त किया और केंद्र की बेहतर व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। पूरे दिन केंद्र पर किसानों की आवाजाही बनी रही, जिससे ग्रामीण अंचल में एक उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।

केंद्र संचालक मंडल ने बताया कि आने वाले दिनों में किसानों की संख्या और बढ़ेगी तथा समिति किसानों की सभी आवश्यकताओं और सुविधाओं का ध्यान रखते हुए खरीदी प्रक्रिया को सहज और सुचारू रूप से आगे बढ़ाएगी।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url