श्रद्धा, संस्कार और सामाजिक समर्पण का अनुपम संगम 40 फीट ऊँची भव्य शिव प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा एवं 21 निर्धन जोड़ों का सामूहिक विवाह के साथ महाशिवरात्रि पर्व...
नगरी - धमतरी जिले के नगरी विकास खण्ड के अंतिम छोर ग्राम सोढूर ( मेचका )धर्म, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए क्षेत्र में एक ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय आयोजन संपन्न होने जा रहा है। इस पावन अवसर पर 40 फीट ऊँची भव्य भगवान शिव की प्रतिमा की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा के साथ-साथ 21 निर्धन एवं जरूरतमंद जोड़ों का सामूहिक विवाह पूरे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगा।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनुपम दृश्य देखने को मिलेगा। जैसे ही भगवान शिव की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी, संपूर्ण वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठेगा। भक्तों के मुख पर आस्था की चमक और मन में आध्यात्मिक शांति स्पष्ट झलकेगी। यह विशाल शिव प्रतिमा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र भी सिद्ध होगी।
साथ ही आयोजित सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक समर्पण और मानवता की मिसाल पेश करेगा। आर्थिक अभाव के कारण विवाह में असमर्थ 21 जोड़ों को इस आयोजन के माध्यम से नया जीवन मिलेगा। सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया जाएगा, जिससे उनके दांपत्य जीवन की सुखद शुरुआत हो सके।इस भव्य आयोजन में संत-महात्माओं, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहेगी। महेश फाउंडेशन के संस्थापक हितेश महेश सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया
कि 24 फरवरी को भव्य शोभायात्रा सांकरा गेंदसिंह नायक चौक से प्रारंभ होकर संकर चौक तक निकाली जाएगी। इसके पश्चात सोंदूर में तमिलनाडु से पधारे विद्वान पुरोहितों द्वारा तीन दिवसीय वेदी पूजन किया जाएगा तथा 28 फरवरी को विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी। इस पावन अवसर पर देश के प्रसिद्ध संत बाबा बागेश्वर धाम, काली चरण महाराज, बालक दास महाराज सहित अनेक प्रतिष्ठित संतों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
धर्म और सेवा के समन्वय से सजा यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि समाज को यह संदेश भी देगा कि जब सेवा भाव धर्म से जुड़ता है, तब वह मानव कल्याण का सबसे सुंदर स्वरूप बन जाता है।
