शक्ति वाला वेलफेयर फाउंडेशन के नवनियुक्त सदस्यों व पदाधिकारियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह सम्पन्न
रायपुर :- सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय शक्ति वाला वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा नवनियुक्त सदस्यों एवं पदाधिकारियों के स्वागत एवं सम्मान के लिए दिनांक 21 दिसंबर 2025 को एक भव्य,गरिमामय एवं प्रेरणादायी समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम फाउंडेशन की प्रदेश अध्यक्ष श्वेता ठाकुर के नेतृत्व एवं अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ,जिसमें संगठन के पदाधिकारियों,सदस्यों एवं गणमान्य अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
समारोह में प्रदेश भाजपा नेता एवं प्रवक्ता गौरी शंकर श्रीवास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं टी.श्रीनिवासन रेड्डी,के.सुंदर राव,महेश अयंगगार एवं श्रीमती अजीता गनोदवाले विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि गौरी शंकर श्रीवास ने शक्ति वाला वेलफेयर फाउंडेशन के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संगठन समाज के कमजोर,जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के लिए आशा की किरण बनते हैं। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से ईमानदारी,पारदर्शिता एवं सेवा-भाव के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने विचार रखते हुए सामाजिक सेवा,संगठनात्मक अनुशासन एवं सामूहिक प्रयासों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब सेवा को लक्ष्य बनाकर कार्य किया जाता है,तब समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः दिखाई देने लगता है।
प्रदेश अध्यक्ष श्वेता ठाकुर ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में फाउंडेशन की अब तक की उपलब्धियों,चल रहे सामाजिक अभियानों एवं भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नवनियुक्त सदस्यों एवं पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी मिलकर शिक्षा,स्वास्थ्य,महिला सशक्तिकरण,गरीबों की सहायता एवं जनकल्याण के अन्य कार्यों में सक्रिय योगदान देंगे।
कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त सदस्यों एवं पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया,जिससे उनके भीतर संगठन के प्रति जिम्मेदारी एवं समर्पण का भाव और अधिक प्रबल हुआ। समारोह का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प,उत्साहपूर्ण वातावरण एवं सामाजिक सेवा के दृढ़ निश्चय के साथ किया गया।



