धान खरीदी केंद्र के फड़ प्रभारी,बारदाना प्रभारी और चौकीदार पर कार्रवाई
धान खरीदी केंद्र में अनियमितता का मामला : सरकारी बारदाना निजी उपयोग के लिए दिया गया,तीन कर्मी निलंबित
बिलासपुर :- जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार चौकस है। कलेक्टर के निर्देशानुसार उपायुक्त सहकारिता, खाद्य नियंत्रक और जिला विपणन अधिकारी द्वारा जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में हाल ही में चपोरा धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि केंद्र से 100 नग सरकारी बारदाने को किसान के निजी वाहन में ले जाया जा रहा था। इस घटना की जांच सहकारिता विस्तार अधिकारी कोटा और खाद्य निरीक्षक कोटा ने की। जांच में सामने आया कि ग्राम सेमरा के किसान हनुमान प्रसाद ने आगामी 8 दिसंबर को अपने धान की खरीदी के लिए बारदाने की मांग की थी,जिसे चौकीदार संजय यादव द्वारा उपलब्ध कराया गया। जांच में पुष्टि हुई कि यह बारदाना केंद्र से बाहर ले जाने का प्रयास केंद्र प्रबंधन की जानकारी में था। इस गंभीर अनियमितता के कारण प्रशासन ने तुरंत फड़ प्रभारी,बारदाना प्रभारी और चौकीदार को निलंबित कर दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। साथ ही,सभी खरीदी केंद्रों पर निगरानी और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष उपाय किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की अनियमित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके लिए सभी स्तरों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। कलेक्टर के दिशा-निर्देशों के तहत प्रशासन यह भी सुनिश्चित करेगा कि खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर न हो।

