रफ्तार का कहर : अनियंत्रित कार की टक्कर से बाइक चालक की दर्दनाक मौत, मां–बेटी घायल

शोक कार्यक्रम से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, कार चालक मौके से फरार


नगरी। नगरी मुख्य मार्ग पर दुगली के समीप मंगलवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। धमतरी की ओर से आ रही कार क्रमांक CG 19 BQ 4698 के चालक ने ओवरटेक करने के दौरान नगरी की ओर से आ रहे बाइक क्रमांक CG 07 AQ 4117 को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक चालक भुनेश्वर साहू (30 वर्ष), निवासी टेमरी जामगांव की मौके पर ही मौत हो गई।


हादसे में बाइक पर सवार मृतक की सास गीताबाई साहू (45 वर्ष) पति भानूराम साहू एवं सीमा साहू (16 वर्ष) पिता भानूराम साहू गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों को दुगली अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि सभी शोक कार्यक्रम से लौट रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही दुगली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सुरेन्द्र राज ध्रुव, यशवंत यादव, अमित सेन सहित अन्य राहगीरों ने 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना देकर सहयोग किया। 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच पाने पर नगरी निवासी कमलेश कुमार साहू ने मानवता का परिचय देते हुए अपनी निजी वाहन से घायल मां–बेटी को दुगली अस्पताल पहुंचाया।

उल्लेखनीय है कि धमतरी–नगरी राजमार्ग पर भारी वाहनों की निरंतर आवाजाही रहती है। यह मार्ग जिला मुख्यालय, राजधानी एवं उड़ीसा प्रांत को जोड़ता है, जिसके कारण यहां बड़ी संख्या में मालवाहक वाहन गुजरते हैं। मार्ग से ब्रेकर हटाए जाने के बाद तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं और आए दिन आम नागरिक हादसों का शिकार हो रहे हैं।

वहीं दुर्घटना की स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा के लिए क्षेत्रवासियों को ब्लॉक या जिला मुख्यालय पर निर्भर रहना पड़ता है। दुगली से जिला मुख्यालय की दूरी लगभग 47 किमी तथा ब्लॉक मुख्यालय 18 किमी होने के कारण एंबुलेंस पहुंचने में घंटों लग जाते हैं, जिससे गंभीर घायलों की जान जोखिम में पड़ जाती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से दुगली स्वास्थ्य केंद्र में स्थायी रूप से 108 एंबुलेंस की व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि समय पर उपचार मिल सके और जानमाल की क्षति को रोका जा सके।
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url