बिलासपुर में पत्रकारिता की एकजुट आवाज, सम्मान और संकल्प का बना ऐतिहासिक मंच

छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ का विराट महासम्मेलन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रविवार को छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ के बैनर तले आयोजित विराट महासम्मेलन ने प्रदेश की पत्रकारिता को एक नई दिशा देने का कार्य किया। जल संसाधन विभाग के प्रार्थना भवन में आयोजित इस भव्य और गरिमामयी आयोजन में प्रदेशभर से आए सैकड़ों पत्रकारों, पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों की सहभागिता ने इसे पत्रकारों का वास्तविक “महाकुंभ” बना दिया। 


महासम्मेलन का उद्देश्य केवल संगठनात्मक विस्तार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, अधिकार, सामाजिक दायित्व और वर्तमान चुनौतियों पर गंभीर मंथन भी इस मंच पर हुआ। कार्यक्रम में पत्रकारों की एकजुटता, साहस और प्रतिबद्धता साफ झलकती रही।


लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मिला सम्मान

सम्मेलन के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ एवं सक्रिय पत्रकारों को मोमेंटो(स्मृति चिन्ह)और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रतीक रहा,बल्कि पत्रकार समाज के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता का भी संदेश देता नजर आया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित पत्रकारों के चेहरों पर गर्व और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया।

मुख्य अतिथि ने पत्रकारों के संघर्ष को किया नमन

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की आत्मा होते हैं। वे विपरीत परिस्थितियों, दबावों और खतरों के बीच भी सच को सामने लाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में पत्रकारों की भूमिका अतुलनीय है और उनकी सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करना शासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है।

विशिष्ट अतिथियों ने दिया सहयोग का भरोसा

विशिष्ट अतिथि कांग्रेस शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, पार्षद दिलीप पाटिल एवं तिफरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के बिना लोकतंत्र की कल्पना अधूरी है। उन्होंने संगठन को आश्वस्त किया कि पत्रकारों के हितों से जुड़े हर विषय पर वे सदैव साथ खड़े रहेंगे।

सम्मान समारोह रहा आकर्षण का केंद्र

महासम्मेलन का सबसे भावनात्मक और प्रेरणादायक क्षण वह रहा जब मंचासीन अतिथियों एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पत्रकार साथियों को सम्मानित किया।

मोमेंटो वितरण : संगठन के प्रति निष्ठा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पत्रकारों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

प्रशस्ति पत्र : उत्कृष्ट,साहसिक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका मनोबल बढ़ाया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य और प्रस्तुतियों ने सम्मेलन को उत्सवमय वातावरण प्रदान किया और दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।

प्रदेश नेतृत्व की मजबूत मौजूदगी

महासम्मेलन का सफल संचालन प्रदेश अध्यक्ष विनय मिश्रा एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उमाकांत मिश्रा के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव पंकज खंडेलवाल,प्रदेश उपाध्यक्ष डब्बू ठाकुर,प्रदेश सचिव सुधीर तिवारी, अजय द्विवेदी, मोहम्मद इसराइल, ध्रुव चंद्रा एवं उमाशंकर साहू ने संगठन की भावी रणनीतियों और पत्रकार एकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

जिला एवं ब्लॉक इकाइयों की सराहनीय भूमिका

कार्यक्रम को सफल बनाने में बिलासपुर जिला एवं ब्लॉक इकाइयों का विशेष योगदान रहा जिला अध्यक्ष कमल दुसेजा,जिला उपाध्यक्ष भूषण प्रसाद श्रीवास,महासचिव गौतम बाल बोदरे,जिला सचिव उमाशंकर शुक्ला,अनिष गंधर्व,अजय साहू तथा बिल्हा ब्लॉक अध्यक्ष रूपचंद अग्रवाल ने आयोजन की व्यवस्थाओं को कुशलतापूर्वक संभाला।

बस्तर से जांजगीर तक दिखी संगठन की व्यापकता

महासम्मेलन में बस्तर संभाग के दूरस्थ अंचलों से लेकर जांजगीर-चांपा जिले तक के पत्रकारों की भारी उपस्थिति ने संगठन की मजबूती और विस्तार को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया।

उपस्थित प्रमुख सदस्य

इस अवसर पर रोहिणी अग्रवाल,मोहन मदवानी,रंजीत खनूजा,कुलदीप ठाकुर,दिव्यांग सोनी,शेख आलम,संजय ठाकुर,सैयद सुभान उल हक,पवन वर्मा,रमेश यादव,रेशमा लहरे,गीता सोंचे,पुष्पा साहू,लता गुप्ता,विजय दुसेजा,जय पोपटानी,जय शुक्ला,दुर्गेश मरावी एवं शुक्ला जी सहित सैकड़ों पत्रकार साथी मौजूद रहे।

सम्मान के साथ नई जिम्मेदारी

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष विनय मिश्रा ने सभी आगंतुकों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह महासम्मेलन केवल सम्मान का मंच नहीं, बल्कि पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और संगठन की मजबूती का संकल्प है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ भविष्य में भी पत्रकारों के मान-सम्मान,सुरक्षा और हितों के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url