नववर्ष के मद्देनज़र नगरी में फ्लैग मार्च,पर निकले प्रशासन ने दिया सुरक्षा का संदेश....
नगरी — नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर जिले में शांति, कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह फ्लैग मार्च एसडीओपी कार्यालय बजरंग चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड सहित भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसडीओपी श्री विपिन रंगारी ने किया। इस दौरान एसडीएम प्रीति दुर्गम, तहसीलदार चुम्मन लाल धुव, थाना प्रभारी चक्रधर बाग, सिहावा थाना प्रभारी ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने नगर के संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई, वहीं असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि नववर्ष के दौरान क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
