कर्णेश्वर ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की भेंट, मेला महोत्सव का दिया आमंत्रण सदस्यों ने..
नगरी — कर्णेश्वर मेला महोत्सव के आयोजन को लेकर कर्णेश्वर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं ट्रस्टियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री को मेला महोत्सव में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया गया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ की जीवनदायिनी महानदी के उद्गम स्थल सिहावा क्षेत्र के देऊरपारा में स्थित ऐतिहासिक कर्णेश्वर धाम में प्रतिवर्ष भव्य मेला महोत्सव का आयोजन किया जाता है। यह मेला आगामी 1 फरवरी से 5 फरवरी तक आयोजित होगा। कर्णेश्वर धाम, ग्यारहवीं शताब्दी में राजा कर्ण द्वारा निर्मित पांच प्राचीन मंदिरों का अद्भुत समूह है, जो धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
ट्रस्ट अध्यक्ष विकल गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि माघ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस पांच दिवसीय मेला महोत्सव में हजारों श्रद्धालु एवं देवी-देवता शाही स्नान में सम्मिलित होते हैं। वहीं, दूसरे दिन फूल मड़ई के अवसर पर अंचल सहित उड़ीसा एवं बस्तर क्षेत्र से देवी-देवताओं की भव्य शोभायात्रा एवं परिक्रमा संपन्न होती है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ ट्रस्टी प्रकाश बैस ने मुख्यमंत्री श्री साय से कर्णेश्वर धाम के समग्र विकास से जुड़े आवश्यक कार्यों पर चर्चा करते हुए मेला महोत्सव में उपस्थित होने का आग्रह किया। साथ ही 5 फरवरी से 13 फरवरी तक आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा के लिए कथावाचक गिरि बापू के मुखारविंद से होने वाले आयोजन का भी आमंत्रण दिया गया। इस अवसर पर मुकेश बाबा द्वारा मुख्यमंत्री को विधिवत निमंत्रण पत्र एवं नारियल भेंट किया गया।
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल में जिला पंचायत सदस्य टी.आर. कवर, ट्रस्ट कोषाध्यक्ष निकेश ठाकुर, सचिव भरत निर्मलकर, ट्रस्टी कमल डागा, रोहित साहू (मगरलोड), नारायण दास वैष्णव एवं कुलेश साहू उपस्थित रहे।
