अटल परिसर का लोकार्पण एवं वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का भूमि पूजन कल...
नगरी — नगरी नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 13 अंतर्गत गुड़ियारी तालाब के समीप नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण आज गरिमामय वातावरण में किया जा रहा है। इस परिसर में छत्तीसगढ़ के निर्माता, भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है।
प्रतिमा का अनावरण आज सुबह 12:30 बजे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के करकमलों से रायपुर से वर्चुअल माध्यम द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नगरी नगर पंचायत के राजा बाड़ा परिसर में किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं नगरवासी उपस्थित रहेंगे।
इसी क्रम में नगर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का भूमि पूजन भी आज संपन्न किया जाएगा। यह परियोजना भविष्य में नगरवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी।
उक्त दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु नगरी नगर पंचायत द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। नगर में इस अवसर को लेकर उत्साह एवं उल्लास का माहौल बना हुआ है।
