धर्मांतरण के विरोध में हिंदू संगठनों के आह्वान पर नगरी रहा पूरी तरह बंद, भाजपा कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर किया प्रदर्शन ....
नगरी — कांकेर जिले में कथित धर्मांतरण के मामलों के विरोध में हिंदू संगठनों द्वारा किए गए आह्वान पर बुधवार को नगरी नगर पूरी तरह बंद रहा। बंद का असर सुबह से ही देखने को मिला। नगर की अधिकांश दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान, बाजार एवं निजी संस्थान स्वेच्छा से बंद रहे और लोगों ने बंद को समर्थन दिया।हिंदू संगठनों का आरोप है कि छत्तीसगढ़ में जबरन एवं प्रलोभन देकर धर्मांतरण की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिसके विरोध में यह बंद आयोजित किया गया। बंद के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बाइक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस रैली में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, नगर अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, पूर्व नगर अध्यक्ष नागेंद्र शुक्ला, कमल डागा, पूर्व नगर उपाध्यक्ष अजय नाहटा, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन नाहटा, नगर उपाध्यक्ष विकास बोहरा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, महामंत्री रूपेंद्र साहू, प्रेमलता नागवंशी,
भावेश चोपड़ा,वरिष्ठ भाजपाई रवि शंकर दुबे, सभापति अश्वनी निषाद,पार्षद राजा पवार सहित नगर पंचायत के अनेक पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बंद के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। नगरी थाना प्रभारी चक्रधर बाघ अपने पुलिस स्टाफ के साथ नगर के प्रमुख चौक -चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं बाजार इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग करते नजर आए। पुलिस द्वारा हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस प्रशासन ने सभी समुदायों से शांति बनाए रखने एवं अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि नगर की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनी हुई है। आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग किया।
