आत्मसमर्पित 5 लाख की इनामी महिला नक्सली की सूचना पर बड़ी सफलता, जंगल से माओवादियों का हथियार डम्प बरामद
नगरी - धमतरी जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर माओवाद की हिंसक विचारधारा को त्यागकर मुख्यधारा में लौटी 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली भूमिका उर्फ गीता उर्फ लता उर्फ सोमारी द्वारा दी गई महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर माओवादियों द्वारा छुपाकर डम्प किए गए हथियारों को बरामद कर लिया गया है।
आत्मसमर्पित महिला नक्सली की सूचना पर डीआरजी धमतरी द्वारा विशेष नक्सल सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दौड़पंडरीपानी के घने जंगल क्षेत्र से माओवादियों का हथियार डम्प बरामद किया गया।
माओवादियों ने हथियारों को जमीन में गहरा गड्ढा खोदकर छुपाया था तथा ऊपर से पत्तियों एवं प्राकृतिक सामग्री से ढंक दिया था, ताकि वे सुरक्षा बलों की नजर से बचे रह सकें।
बरामद हथियारों में 7.62 एमएम एसएलआर ऑटोमेटिक राइफल एक नग (सिलिंग सहित), एसएलआर की दो खाली मैग्जीन, 12 बोर बंदूक एक नग (सिलिंग सहित) तथा भरमार बंदूक एक नग (सिलिंग सहित) शामिल हैं।
इस बरामदगी को नक्सल उन्मूलन अभियान के अंतर्गत धमतरी पुलिस एवं डीआरजी की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह कार्रवाई न केवल माओवादियों की हिंसक गतिविधियों को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि यह भी स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने में प्रभावी साबित हो रही है।
