महानदी एकेडमी में दो दिवसीय‘ज्योतिर्गमय’ शैक्षणिक महोत्सव संपन्न साथ ही छोटे-छोटे बच्चों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों दी
नगरी - नगरी विकासखंड स्थित महानदी एकेडमी, देउरपारा (कर्णेश्वर धाम के पास) में 19 एवं 20 जनवरी को दो दिवसीय भव्य शैक्षणिक एवं प्रतिभा संवर्धन कार्यक्रम ‘ज्योतिर्गमय’ का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों की जिज्ञासा को जागृत करना, उनकी अंतर्निहित प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा उन्हें किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ना रहा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव कुमार साहू ने बताया कि ‘ज्योतिर्गमय’ कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर आयोजित किया गया है। इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों का बौद्धिक विकास होने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और सृजनात्मक सोच को भी मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस कक्षा पहली से कक्षा पाँचवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों द्वारा कविता पाठ, पोयम, कहानी वाचन, गीत, नृत्य, नाट्य प्रस्तुति (ड्रामा/अभिनय), आदर्श नोटबुक प्रदर्शन, पठन–लेखन (रीडिंग–राइटिंग) गतिविधियाँ, शैक्षणिक चार्ट एवं प्रदर्शनी जैसी विविध प्रस्तुतियाँ दी गईं।छोटे-छोटे बच्चों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को अत्यंत प्रभावित किया।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक महोत्सव बच्चों के सर्वांगीण विकास, तार्किक एवं आलोचनात्मक सोच (क्रिटिकल थिंकिंग) को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के शारीरिक पोषण के साथ-साथ मानसिक एवं आध्यात्मिक पोषण पर भी विशेष ध्यान दें, क्योंकि गुरु, शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य निर्मित हो सकता है।
प्रधानाचार्य श्री साहू के कुशल नेतृत्व में कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली स्वरूप प्रदान किया गया। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि ‘ज्योतिर्गमय’ जैसे आयोजनों से बच्चों की गतिविधि-आधारित शिक्षा (एक्टिविटी बेस्ड लर्निंग) को बढ़ावा मिलता है, जिससे वे आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के निदेशक मंडल का विशेष योगदान रहा। निदेशकगण मोहन नाहटा, निकेश सिंह ठाकुर, अहमद रज़ा, अजय कुमार छाजेड़ एवं शशांक सलाम ने आयोजन को सतत मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस शैक्षणिक महोत्सव के संचालन एवं समन्वय में शिक्षिकाएँ तुलेश्वरी शेरपा, खुशबू साहू, दलश्वरी साहू, फनिश साहू एवं श्री नरेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही सुश्री माधुरी सेन, सुश्रीभावना साहू, सुश्री रिया दास, श्री ज्वाला प्रसाद साहू एवं श्री दुष्यंत तारक सहित अन्य शिक्षकों एवं सहयोगियों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
शैक्षणिक महोत्सव ‘ज्योतिर्गमय’ का समापन समारोह 20 जनवरी को विद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर विद्यार्थियों की चयनित एवं विशेष प्रस्तुतियाँ प्रदर्शित की गईं, जिसमें मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कार्यक्रम संयोजक श्री प्रमोद सिंह राजपूत ने मंच से सभी मुख्य अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं कार्यक्रम के सफल संचालन में योगदान देने वाले समस्त शिक्षकों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही यह शैक्षणिक महोत्सव प्रेरणादायक और सफल बन सका।
